दुर्गा पूजा पंडालों में वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य, इमरजेंसी लाइट और जनरेटर रखें: जिलाधिकारी
—शारदीय नवरात्र और तीन दिवसीय दुर्गापूजा मेले को लेकर प्रशासन सतर्क, सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के दिए निर्देश
वाराणसी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र और तीन दिवसीय दुर्गापूजा मेले को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी जिला प्रंशासन सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और नागरिक सुविधाओं को लेकर शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने यातायात पुलिस लाइंस सभागार में जिला शांति समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा दुर्गा पूजा और रामलीला समितियों के आयोजकों के साथ बैठक की।
बैठक में अधिकारियों ने आयोजकों से पिछले वर्षों में दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव के दौरान सामने आई समस्याओं और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। आयोजकों के सुझावों और शिकायतों को सुनने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों, डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
बैठक में आयोजकों ने जर्जर बिजली के खंभों, लटकते तारों, मूर्ति स्थापना और विसर्जन स्थलों तक जाने वाले मार्गों पर गड्ढों तथा प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उठाईं। इस पर जिलाधिकारी ने बिजली विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं को तत्काल आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और जिला पंचायत को अभियान चलाकर सड़कों की मरम्मत और पैचवर्क का कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा। साथ ही जलकल विभाग को शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में दुर्गा पूजा पंडालों, मूर्ति विसर्जन स्थलों और कुंडों की सूची तैयार कर वहां साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायती राज अधिकारी को सफाई कर्मियों के माध्यम से नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आयोजकों से स्पष्ट कहा कि दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखें। इसके लिए इमरजेंसी लाइट और जनरेटर की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर लें, ताकि किसी भी स्थिति में अंधेरा होने से अव्यवस्था न फैले। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन केवल पोखरों, तालाबों और पर्याप्त पानी वाले निर्धारित स्थलों पर ही किया जाएगा। विसर्जन के लिए किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी। संबंधित विभाग विसर्जन स्थलों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई, झाड़-झंखाड़ की सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिन स्थानों पर रावण दहन का आयोजन किया जाता है, वहां भी सभी आवश्यक सावधानियां बरती जाएं।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने एसीपी और थाना प्रभारियों को संबंधित क्षेत्रों की दुर्गा पूजा एवं रामलीला समितियों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान जुलूस में शामिल लोग पूरी सड़क को न घेरें, जिससे यातायात बाधित न हो। उन्होंने रामलीला मंचन और मेले वाले स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने तथा भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने को कहा। दुर्गा पूजा पंडालों, रामलीला मंचन स्थलों और रावण दहन वाले स्थानों पर उचित बैरिकेडिंग कराने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस कमिश्नर ने आयोजकों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम समाप्त करने की अपील की।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को दी जाए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्गा पूजा पंडालों और मूर्ति विसर्जन स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजकों से धार्मिक आयोजनों की मर्यादा बनाए रखने और अश्लील गाने बजाने से परहेज करने की अपील की। मूर्ति विसर्जन और जुलूस के दौरान सीमित ध्वनि उपकरणों का उपयोग करने तथा एक या दो साउंड बॉक्स तक ही व्यवस्था रखने को कहा।
उन्होंने बताया कि जुलूस और मूर्ति विसर्जन के मार्ग पहले से निर्धारित हैं और उसी के अनुरूप पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पंडालों में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने, उन्हें अलग जर्सी, बिल्ला और पहचान पत्र उपलब्ध कराने तथा स्वयंसेवकों की सूची संबंधित थाने में जमा कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी गौरव वंशवाल, डीसीपी राजेश पांडेय, एडीसीपी ट्रैफिक और एडीएम सिटी पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

