वाराणसी के दो छात्रों का भारतीय एथलेटिक्स टीम में चयन,खेल प्रेमियों ने दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी के दो छात्रों का भारतीय एथलेटिक्स टीम में चयन,खेल प्रेमियों ने दी बधाई


वाराणसी के दो छात्रों का भारतीय एथलेटिक्स टीम में चयन,खेल प्रेमियों ने दी बधाई


दोनों एथलीट चार गुण सौ मीटर रिले रेस में पदक के लिए दौड़ेंगे

वाराणसी,14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के दो छात्रों का चयन भारतीय एथलेटिक्स टीम में किया गया है। यह जनपद के लिए गर्व का पल है कि पहली बार एक कॉलेज के दो खिलाड़ियों का चयन भारतीय एथलेटिक्स टीम में हुआ है। इस समय दोनों खिलाड़ी बेंगलुरु में भारतीय खेल प्राधिकरण के केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल हैं। दोनों छात्र यहां परमानंदपुर शिवपुर स्थित विकास इंटर कालेज में अध्ययनरत है।

कालेज के प्रधानाचार्य डॉ ए.के. सिंह ने गुरुवार को बताया कि एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप अंडर 20 का आयोजन हांगकांग में 28 से 31 मई तक किया जा रहा है। इस चैंपियनशिप में भारत की एथलेटिक्स टीम भी हिस्सा ले रही है। भारतीय टीम में उनके विद्यालय के दो छात्र अंशु रजक और अभय कुमार दुबे का चयन हुआ है। दोनों एथलीट चार गुण सौ मीटर रिले रेस में पदक के लिए दौड़ेंगे।

अभय कुमार दुबे चार गुण चार सौ मीटर रिले रेस और मिक्सड रिले रेस में तथा अंशु रजक चार गुण सौ मीटर रिले रेस में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ी डॉ भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर में डॉ मंजूर आलम अंसारी से प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। इस चैंपियनशिप में भारत की एथलेटिक्स टीम की भागीदारी से देश के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

टीम में चयन होने पर अभय कुमार दुबे ने खुशी जताई और कहा कि यह मेरे लिए एक बड़ा अवसर है और मैं अपनी पूरी कोशिश करूंगा कि मैं पदक जीत सकूं। अंशु रजक भी अपने कोच की देखरेख में कड़ी मेहनत कर रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि वह अच्छे प्रदर्शन करेंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story