वाराणसी शहर उत्तरी में 24.42 करोड़ की चार विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, 60 कॉलोनियों में बिछेगी नई सीवर लाइन

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी शहर उत्तरी में 24.42 करोड़ की चार विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, 60 कॉलोनियों में बिछेगी नई सीवर लाइन


राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया कार्य का शुभारम्भ

वाराणसी, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने रविवार शाम वाराणसी के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को फिर गति प्रदान की। राज्यमंत्री ने 24 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें सबसे बड़ी योजना लगभग 23 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से 60 कॉलोनियों, मोहल्लों, बस्तियों एवं अपार्टमेंटों में नई सीवर लाइन बिछाने की है, जिससे हजारों परिवारों को जलभराव और सीवर की समस्या से राहत मिलेगी।

सर्किट हाउस परिसर में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वाराणसी में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। शहर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, सीवर, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है ताकि किसी भी क्षेत्र के नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने बताया कि 23.86 करोड़ रुपये की इस सीवर परियोजना के अंतर्गत उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के कुल 60 मोहल्लों, कॉलोनियों, अपार्टमेंटों, बस्तियों और गलियों में सीवर लाइन का निर्माण कराया जाएगा। इसके तहत वार्ड संख्या-02 के 3, वार्ड संख्या-30 के 11, वार्ड संख्या-31 के 2, वार्ड संख्या-41 के 9, वार्ड संख्या-44 के 11, वार्ड संख्या-58 के 2 तथा वार्ड संख्या-59 के 22 मोहल्लों एवं कॉलोनियों को इस योजना में शामिल किया गया है। लंबे समय से सीवर व्यवस्था की समस्या झेल रहे इन क्षेत्रों के लोगों को इस परियोजना के पूरा होने के बाद बड़ी राहत मिलेगी। इससे पूर्व मंत्री जायसवाल ने विभिन्न वार्डों में तीन अन्य विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया। हुकुलगंज वार्ड में 9.56 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क एवं सीसी ड्रेन निर्माण, सारनाथ वार्ड में खजूरी क्षेत्र में 22.33 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग एवं सीसी ड्रेन निर्माण तथा शिवपुर वार्ड में कुंदन नगर कॉलोनी में 27.66 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग, सीसी रोड एवं सीसी ड्रेन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क, मजबूत जल निकासी व्यवस्था और आधुनिक सीवर नेटवर्क किसी भी विकसित शहर की पहचान होते हैं। वाराणसी तेजी से स्मार्ट और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित हो रहा है तथा सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण शहरी सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं, ताकि आम जनता को शीघ्र इन योजनाओं का लाभ मिल सके। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान अरविंद सिंह, विवेक पांडेय भाजपा मंडल अध्यक्ष, अतुल सिंह मंडल अध्यक्ष, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा आदि की भी मौजूदगी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story