देवदीपावली पर वाराणसी में उमड़ेगा 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं का सैलाब, सुरक्षा के लिए 25 से अधिक आईपीएस होंगे तैनात
——कमिश्नर, पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने घाटों का किया स्थलीय निरीक्षण, भीड़ प्रबंधन से लेकर नौका संचालन और यातायात व्यवस्था तक की तैयारियों को परखा
वाराणसी, 18 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी की विश्वविख्यात देवदीपावली को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष पर्व पर 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने की संभावना है। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, नौका संचालन और घाटों पर भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। पर्व की तैयारियों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं नजर रख रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने प्रमुख गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वीवीआईपी अतिथियों के आगमन, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, सुरक्षा प्रबंध, नौका संचालन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
———सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होंगे 25 से अधिक आईपीएस और 4000 पुलिसकर्मी
देवदीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए 25 से अधिक आईपीएस, 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों और 4000 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सीआरपीएफ, पीएसी और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) के जवान भी मुस्तैद रहेंगे।
पूरे घाट क्षेत्र और आसपास के संवेदनशील स्थानों को अलग-अलग जोन एवं सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वीवीआईपी सुरक्षा के साथ ही आम श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। भीड़ के दबाव वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी।
———घाटों पर प्रवेश और निकास की होगी अलग व्यवस्था
घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए जाएंगे। पर्याप्त बैरिकेडिंग के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी, ताकि किसी एक स्थान पर भीड़ का दबाव न बढ़े।
रामनगर की ओर स्थित घाटों से देवदीपावली का आकर्षक नजारा दिखाई देने के कारण वहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए रामनगर क्षेत्र में भी सुरक्षा और सुविधा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी और अन्य विशेष टीमों को अलर्ट रखा जाएगा।
——गंगा में नावों पर क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर रोक
देवदीपावली पर गंगा में नौका विहार के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जल सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। नावों पर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर रोक रहेगी। सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट का इस्तेमाल अनिवार्य कराया जाएगा।
गंगा में जल पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और प्रशिक्षित गोताखोरों की टीमें तैनात रहेंगी। मोटरबोट के जरिए नदी में लगातार निगरानी की जाएगी। नौका संचालकों को सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
——शहर में मालवाहक वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए विस्तृत यातायात डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है। पर्व के दौरान निर्धारित व्यवस्था के तहत मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शहर में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है।
मल्टीलेवल पार्किंग का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के साथ दालमंडी की ओर विकसित हो रहे नए मार्ग पर भी पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। प्रमुख मार्गों, घाटों की ओर जाने वाले रास्तों और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
यातायात डायवर्जन, पार्किंग स्थलों और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी आमजन को मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से पहले ही उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो।
——सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
घाटों और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों पर सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के माध्यम से लगातार नजर रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से भीड़ की स्थिति और संवेदनशील स्थानों की निगरानी होगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन, चिकित्सा एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट रखा जाएगा। सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
———पुलिसकर्मियों को सिखाया जा रहा अतिथियों से व्यवहार का तरीका
सुरक्षा और व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के प्रति पुलिसकर्मियों का व्यवहार भी प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है। पुलिस आयुक्त के अनुसार, बड़े आयोजनों की सफलता में पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता के साथ उनका व्यवहार भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्हें निर्देशित किया गया है कि काशी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक उनका अतिथि है। सभी के साथ सम्मानजनक एवं विनम्र व्यवहार करें और उन्हें 'सर' एवं 'मैडम' कहकर संबोधित करें। श्रद्धालुओं की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करें। पुलिसकर्मियों को सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता के मूल मंत्र के साथ ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त के अनुसार, इस प्रशिक्षण के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और व्यवहार संबंधी शिकायतों में कमी आई है।
———11 लाख दीपों से जगमगाएंगे गंगा के घाट, लेजर और ड्रोन शो भी होंगे आकर्षण
इस वर्ष देवदीपावली पर काशी के गंगा घाटों पर लगभग 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाने की तैयारी है। दीपों की रोशनी से घाटों को जगमगाने के साथ लेजर शो, भव्य गंगा आरती, आतिशबाजी, ड्रोन शो और गंगा महोत्सव सहित कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन आयोजनों में लाखों लोगों की संभावित भागीदारी को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आवागमन की विशेष व्यवस्था कर रहा है। पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस का उद्देश्य शहर में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा से बचाना है। एयर शो और महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के अनुभव का लाभ देवदीपावली की तैयारियों में भी लिया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

