वैश्विक मंच पर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दर्शाता है देव दीपावली पर्व : जयवीर सिंह
—काशी में परंपराओं का हजारा दीप स्तंभ जलते ही रोशनी से सज गया दीपों का महाकुंभ
वाराणसी, 24 नवम्बर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार शाम धर्म नगरी काशी के नमो घाट पर श्रद्धालुओं और सैलानियों के लिए खास इंतजाम किए गए। घाट पर आने वाले मेहमानों की अगवानी के लिए रेड कारपेट बिछाया गया, वहीं पूरे परिसर को गेंदे के फूलों और आकर्षक रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया।
भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई और प्रशासन की ओर से ड्रोन कैमरों के जरिए पूरे इलाके पर पैनी नजर रखी जा रही थी। उत्सव के सफल संचालन और व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। विभिन्न पॉइंट्स पर तैनात ये कर्मी दीपों की सजावट से लेकर भीड़ प्रबंधन और पर्यटकों की मदद करने में जुटे रहे। समारोह का शुभारंभ 'हर-हर महादेव' के गगनभेदी जयघोष के साथ हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि काशी की धरती पर देव दीपावली की छटा अद्वितीय होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पर्व वैश्विक मंच पर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दर्शाता है। मंत्री ने यह भी कहा कि इस तरह के पारंपरिक उत्सवों से न केवल पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाई मिलती है, बल्कि देश की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होती है। दीपावली पर्व पर काशी के सभी 84 गंगा घाटों के साथ-साथ गंगा उसे पर रेती में भी असंख्य दीपक जलाए गए थे। राजा चेतसिंह किले के सामने गंगा की लहरों के ऊपर हुए बृहद ड्रोन शो ने भी लोगों का खूब मन मोहा।
इस अवसर पर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह आदि भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

