देव दीपावली: गंगा में बना अस्थायी पुलिस स्टेशन, नौकाओं के लिए अलग-अलग वाटर रूट निर्धारित

WhatsApp Channel Join Now
देव दीपावली: गंगा में बना अस्थायी पुलिस स्टेशन, नौकाओं के लिए अलग-अलग वाटर रूट निर्धारित


देव दीपावली: गंगा में बना अस्थायी पुलिस स्टेशन, नौकाओं के लिए अलग-अलग वाटर रूट निर्धारित


—नमो घाट से अस्सी घाट तक गंगा में लगाया गया डिवाइडर, आने-जाने वाली नौकाओं के मार्ग होंगे अलग

—10 से 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, हादसों से निपटने के लिए रेस्क्यू बोट और बचाव उपकरण रहेंगे तैनात

वाराणसी,23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी काशी में देव दीपावली पर्व पर मंगलवार (24 नवंबर) को गंगा किनारे उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और नौका संचालन की व्यापक तैयारियां की हैं। पर्व के दौरान 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देश पर गंगा नदी में अस्थायी पुलिस स्टेशन स्थापित किया गया है। इसके साथ ही नमो घाट से अस्सी घाट तक नौकाओं के सुरक्षित संचालन के लिए वाटर रूट निर्धारित कर नदी में डिवाइडर लगाया गया है।

प्रशासन ने नौकाओं के आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए हैं। अब देव दीपावली पर नौकाएं निर्धारित दिशा और तय रूट से ही संचालित होंगी। अधिकारियों ने नाविकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि गंगा में नौकाओं की आमने-सामने की टक्कर और किसी भी तरह की दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।

—नमो घाट से अस्सी घाट तक तय हुआ नौकाओं का रूट

निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ,नमो घाट से रवाना होने वाली नौकाएं राजघाट, गायघाट, मणिकर्णिका घाट, दशाश्वमेध घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, मान मंदिर घाट, शीतला घाट और केदार घाट होते हुए अस्सी घाट तक पहुंचेंगी। वापसी के लिए गंगा के दूसरे हिस्से में अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। इस व्यवस्था के तहत आने और जाने वाली नौकाओं के रास्ते अलग-अलग रहेंगे। नमो घाट से अस्सी घाट तक लगाए गए डिवाइडर से नौकाओं का आवागमन व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी।

—क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर रोक, लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य

दशाश्वमेध घाट के नाविक विनोद निषाद ने सोमवार को बताया कि देव दीपावली को देखते हुए प्रशासन ने सभी नाविकों को कड़े निर्देश दिए हैं। अस्सी घाट से राजघाट और नमो घाट तक गंगा में डिवाइडर लगाया गया है। सभी नाविक प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी नाविक अपनी नौका में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को नहीं बैठाएगा। सभी यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा नौकाओं की गति धीमी रखी जाएगी और मोटर बोट तेज गति से नहीं चलाई जाएंगी।

विनोद कुमार निषाद 'गुरु', राष्ट्रीय अध्यक्ष मां गंगा निषाद राज सेवा समिति, उत्तर प्रदेश ने भी सभी नाविकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

—अस्थायी पुलिस स्टेशन पर रहेगी रेस्क्यू बोट और बचाव उपकरणों की व्यवस्था

इससे पहले रविवार शाम पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडलायुक्त और जिलाधिकारी के साथ चेतसिंह घाट से नमो घाट तक बोट से भ्रमण कर देव दीपावली की तैयारियों का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने घाटों और वाटर रूट की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, नौका संचालन तथा यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने गंगा नदी में अस्थायी पुलिस स्टेशन और वाटर रूट स्थापित करने का निर्देश दिया था। अस्थायी पुलिस स्टेशन पर रेस्क्यू बोट के साथ आवश्यक बचाव उपकरण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। गंगा में नावों की टक्कर, श्रद्धालु के नदी में गिरने या किसी अन्य आपात स्थिति में पुलिस और रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कर सकेगी।

—जल पुलिस और रेस्क्यू टीम के बीच बेहतर समन्वय

अस्थायी पुलिस स्टेशन के माध्यम से जल पुलिस और रेस्क्यू टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। इससे किसी भी दुर्घटना की सूचना मिलने पर घटनास्थल तक कम समय में पहुंचना और तत्काल सहायता उपलब्ध कराना आसान होगा। प्रशासन का उद्देश्य देव दीपावली के दौरान गंगा में नौका संचालन को सुरक्षित, व्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story