उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 500 शैय्यायुक्त मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 500 शैय्यायुक्त मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल निर्माण कार्य का किया निरीक्षण


वाराणसी, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय, कबीरचौरा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और प्रस्तावित 500 शैय्यायुक्त मल्टी सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालय के निर्माण कार्य की तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण की शुरुआत उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल के आकस्मिक (इमरजेंसी) विभाग से की। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और अस्पताल में मिल रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान वार्ड नंबर 2 में भर्ती एक महिला मरीज के पास पहुंचे तो वहां चादर गंदा देख नाराज हो गए। महिला के सामने ब्रजेश पाठक ने लज्जित भाव से हाथ जोड़कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि विभागीय अफसरों की लापरवाही है। मैं चादर को तुरंत बदलवाता हूं। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही चादर बदलवाई। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सालय के कक्ष संख्या-1 में समीक्षा बैठक की। बैठक में अपर निदेशक, वाराणसी मंडल डॉ. एन.डी. शर्मा, प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार सहित वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग अधीक्षक कैलाश राम, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने 500 शैय्यायुक्त मल्टी सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालय के निर्माण की प्रगति और कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों के पुनर्स्थापन के लिए महिला चिकित्सालय स्थित एमसीएच भवन के प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृत कराने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी व्यवधान के आगे बढ़ सके।

उप मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर तथा उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान मरीजों के उपचार और अस्पताल की नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

उप मुख्यमंत्री के निरीक्षण को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा और विभिन्न विभागों में साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story