स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रध्वज के अपमान काे रोकने की मांग, हिन्दू जनजागृति समिति ने सौंपा ज्ञापन
वाराणसी,11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) पर राष्ट्रध्वज के अपमान को रोकने और प्लास्टिक के ध्वज न बिकने के लिए हिन्दू जनजागृति समिति ने जागरूकता अभियान चलाया है। मंगलवार को समिति के एक प्रतिनिधि मंडल ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन वाराणसी पंकज कुमार, उप जिलाधिकारी पिंडरा कुंदन राज कपूर, सहायक पुलिस आयुक्त प्रशांत सिंह को इस संदर्भ में ज्ञापन भी सौंपा।
प्रतिनिधि मंडल ने अफसरों को बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति की भावना से राष्ट्रध्वज बड़े अभिमान के साथ फहराए जाते हैं। परंतु दुर्भाग्य से वहीं राष्ट्रध्वज उसी दिन सड़कों पर, कूड़ेदान में या नालियों में फटी अवस्था में पड़े मिलते हैं। विशेषकर प्लास्टिक के ध्वज जैविक रूप से विघटनशील न होने के कारण यह अपमान कई दिनों तक होता रहता है। इसके अतिरिक्त, 'टी-शर्ट', मास्क और अन्य परिधानों के माध्यम से भी बड़े पैमाने पर राष्ट्रध्वज का अपमान हो रहा है। इस अपमान को रोकने के लिए उच्च न्यायालय ने भी आदेश दिया है। प्रतिनिधि मंडल में ज्ञानवापी के याचिकाकर्ता डॉ सोहनलाल आर्य, अधिवक्ता दीपक सिंह, अधिवक्ता संजीवन यादव, अधिवक्ता अरुण कुमार मौर्य, अधिवक्ता ज्ञान प्रकाश राय, अधिवक्ता आनन्द कुमार राय, अधिवक्ता अवनीश कुमार तिवारी, संजय सिंह, प्रमोद गुप्ता,अधिवक्ता उमेश कुमार सिंह आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

