वाराणसी में गंगा आरती देख आह्लादित हुई दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में गंगा आरती देख आह्लादित हुई दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता


वाराणसी में गंगा आरती देख आह्लादित हुई दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता


—दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा का किया पूजन, नमो घाट से क्रूज पर सवार होकर पहुंचीं दशाश्वमेध

वाराणसी, 18 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को अपने दो दिवसीय वाराणसी प्रवास के दौरान काशी के विश्वविख्यात दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में सपरिवार शामिल हुईं। गंगाघाट पर गंगा आरती के दौरान आध्यात्मिक वातावरण को महसूस कर रेखा गुप्ता पूरी तरह श्रद्धा और भक्ति में डूबी नजर आईं। गंगा आरती देखने के पूर्व उन्होंने मां गंगा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान गंगा सेवा निधि के अर्चक वैदिक मंत्रोंच्चार करते रहे।

इसके पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता नमो घाट से क्रूज पर सवार होकर दशाश्वमेध घाट के लिए रवाना हुईं। गंगा की लहरों के बीच नौकायन करते हुए उन्होंने काशी के घाटों की स्वच्छता, सुंदरता और भव्यता को करीब से देखा। यात्रा के दौरान वह घाटों के इतिहास, पौराणिक परंपरा और धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी लेने में विशेष रुचि दिखाती रहीं। काशी की सांस्कृतिक विरासत और घाटों के संरक्षण को देखकर उन्होंने प्रसन्नता भी व्यक्त की। दशाश्वमेध घाट पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले सपरिवार मां गंगा का पूजन किया और दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने पूरी तन्मयता और श्रद्धा के साथ विश्वविख्यात गंगा आरती का अवलोकन किया। आरती सम्पन्न होने के बाद गंगा सेवा निधि की ओर से सुशांत मिश्रा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया।

इस दौरान उनके साथ आयुष जायसवाल, नम्रता चौरसिया, आयुषी श्रीमाली, नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर और पूजा पांडेय आदि भी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story