वाराणसी में चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर लाखों व्रतियों ने पूर्ण किया 36 घंटे का निर्जला व्रत

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर लाखों व्रतियों ने पूर्ण किया 36 घंटे का निर्जला व्रत


वाराणसी में चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर लाखों व्रतियों ने पूर्ण किया 36 घंटे का निर्जला व्रत


वाराणसी में चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर लाखों व्रतियों ने पूर्ण किया 36 घंटे का निर्जला व्रत


गंगा-वरुणा के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, जय छठी मइया के जयघोष से गूंज उठी काशी

भोर से ही घाटों पर जुटे श्रद्धालु, पारंपरिक गीतों और भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

वाराणसी, 16 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में लोकआस्था, श्रद्धा और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधि-विधान से संपन्न हो गया। इस अवसर पर गंगा और वरुणा नदी के घाटों सहित शहर के सरोवरों, कुंडों, तालाबों और ग्रामीण अंचलों के जलाशयों पर लाखों व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर की पहली किरण के साथ ही पूरा वातावरण छठी मइया के जयघोष और पारंपरिक लोकगीतों से भक्तिमय हो उठा।

सूर्योदय की पहली किरण के साथ व्रतियों ने अर्पित किया अर्घ्य

सोमवार तड़के से ही गंगा और वरुणा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर दउरा लेकर घाटों पर पहुंचीं। दउरे में ठेकुआ, फल, नारियल और पूजन सामग्री सजाई गई थी। इसके बाद महिलाएं कमर भर जल में खड़े होकर भगवान सूर्य के उदय होने की प्रतीक्षा करने लगीं।

जैसे ही पूरब दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई दी, व्रतियों ने हाथ जोड़कर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, वंशवृद्धि तथा समाज के कल्याण की कामना की। सूर्योदय के साथ घाटों पर दिखाई दिया यह अद्भुत दृश्य श्रद्धा और भक्ति का अनुपम उदाहरण बना रहा।

छठ गीतों से गूंजते रहे गंगा के घाट

छठ महापर्व के अंतिम दिन काशी के घाटों पर आस्था के साथ लोकसंस्कृति की भी अनूठी छटा देखने को मिली। व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा के साथ पारंपरिक छठ गीत गाकर भगवान सूर्य से उदय होने की मनुहार करती रहीं। 'उगा हो सुरूजमल, पुरूबे से उगेले नारायन', 'उग हो सूरुज देव भईल अरघ के बेर' और 'केलवा के पात पर, उगेले सूरज देव...' जैसे लोकगीतों से गंगा के घाट गुंजायमान होते रहे। हर ओर 'जय छठी मइया' के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पूरी रात घाटों पर चला भजन-कीर्तन, 36 घंटे बाद व्रत का पारण

रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करने के बाद भी हजारों व्रती महिलाएं घाटों पर ही रुकी रहीं। उन्होंने खुले आसमान के नीचे ठंड और ओस के बीच पूरी रात छठी मइया की आराधना की। रातभर भजन-कीर्तन और पारंपरिक गीतों के बीच महिलाओं ने जागरण किया। सोमवार भोर में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत पूर्ण हुआ।

अर्घ्य के बाद व्रतियों ने विधि-विधान से व्रत का पारण किया। इसके बाद परिजनों और श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ का प्रसाद वितरित कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। घरों की छतों पर बनाए गए कृत्रिम घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सूर्योपासना की।

प्रमुख गंगा घाटों,वरूणातट पर सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। एनडीआरएफ की टीमें, जल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घाटों पर लगातार निगरानी करते रहे। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, एसीपी कोतवाली, एसीपी दशाश्वमेध समेत पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भोर से ही गंगा के प्रमुख घाटों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

राजघाट, गायघाट, भैसासुर घाट, मणिकर्णिका घाट, त्रिलोचन घाट और सिंधिया घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर पुलिस बल की तैनाती रही। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहीं।

नहाय-खाय से शुरू हुआ था चार दिवसीय महापर्व

गौरतलब है कि चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत बीते शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई थी। दूसरे दिन शनिवार को खरना के अवसर पर व्रती महिलाओं ने गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा-अर्चना की। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ। तीसरे दिन रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया गया, जबकि चौथे और अंतिम दिन सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर महापर्व का समापन हुआ।

पूर्ण शुद्धता, संयम, तपस्या और अटूट आस्था का प्रतीक छठ महापर्व एक बार फिर काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की भव्यता का साक्षी बना। गंगा के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और लोकगीतों की गूंज ने पूरे शहर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

डाला छठ के समापन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिया संदेश

वाराणसी के सांसद व देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकआस्था के महापर्व डाला छठ के समापन पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि आज, छठ के महापर्व का चार दिवसीय अनुष्ठान उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस पावन पर्व में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। मैं छठी मैया से प्रार्थना करता हूँ कि वे व्रत रखने वाले सभी श्रद्धालुओं और देश भर में मौजूद मेरे परिवार के सदस्यों पर अपनी कृपा बनाए रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777782 Articles

Share this story