बीएचयू की प्रोफेसर डॉ. प्रियंका सोनकर यूनिवर्सिटी ऑफ कैलीफोर्निया लॉस एंजिल्स में शोध पत्र प्रस्तुत करेंगी

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू की प्रोफेसर डॉ. प्रियंका सोनकर यूनिवर्सिटी ऑफ कैलीफोर्निया लॉस एंजिल्स में शोध पत्र प्रस्तुत करेंगी


वाराणसी,23 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद की काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका सोनकर अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ कैलीफोर्निया लॉस एंजिल्स (यूसीएलए )में अपना शोध पत्र प्रस्तुत करेंगी। आगामी 27-28 फरवरी को यूसीएलए परिसर में आयोजित होने वाले पांचवें अन्तरराष्ट्रीय कांफ्रेंस आन हेरिटेज/कम्यूनिटी लैंग्वेज में डॉ प्रियंका सोनकर का शोध पत्र स्वीकार किया गया है।

डॉ. प्रियंका सोनकर इस सम्मेलन में भारत से तथा काशी हिंदू विश्वविद्यालय से एकमात्र शिक्षिका हैं, जो हिंदी भाषा की विरासत पर बात करेंगी। उनका शोध-पत्र कल्चरल आइडेंटिटी एंड प्रिज़र्वेशन ऑफ़ हिंदी ऐज़ अ हेरिटेज लैंग्वेज इन द यूनाइटेड स्टेट्स विषय पर आधारित है।

इस शोध पत्र में अमेरिका में बसे भारतीय प्रवासी परिवारों, सामुदायिक संगठनों तथा शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से हिंदी भाषा के संरक्षण और सांस्कृतिक पहचान की भूमिका का विश्लेषण किया गया है।

बीएचयू जनसम्पर्क कार्यालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। बताया गया कि यह संगोष्ठी विश्व स्तर की है, जिसमें रूस, इज़राइल, कोरिया, चीन, फिलीपींस, भारत, स्पेन, फ्रांस, वियतनाम, ताइवान सहित लगभग 30 देशों के विद्वान भाग लेंगे और भाषाओं को विरासत भाषा (हेरिटेज लैंग्वेज) के रूप में देखने, समझने और संरक्षित करने पर अकादमिक चर्चा की जाएगी।

डॉ. प्रियंका सोनकर हिंदी भाषा की वैश्विक पहचान और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक विमर्श में उसकी उपस्थिति के लिए निरंतर सक्रिय एवं समर्पित रही हैं। यह उपलब्धि काशी हिंदू विश्वविद्यालय, हिंदी विभाग और भारतीय भाषाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव का विषय है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story