महिला अपराध से संबंधित छोटे प्रकरणों में विवेचना 15 दिवस के भीतर करें : मोहित अग्रवाल

WhatsApp Channel Join Now

—पुलिस आयुक्त ने थाना रोहनियां में मिशन शक्ति केन्द्र के कार्यों का किया निरीक्षण

वाराणसी, 25 फरवरी (हि.स.)। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने पुलिस अफसरों को निर्देश दिया कि महिला अपराध से संबंधित छोटे प्रकरणों में विवेचना 15 दिवस के भीतर पूर्ण करने का प्रयास करें। घरेलू हिंसा अथवा अन्य महिला उत्पीड़न में तत्काल कार्यवाही के साथ प्रत्येक सप्ताह सम्बन्धित महिला से सम्पर्क कर लिया जाये। उनसे मिले फीडबैक, फीडबैक के आधार पर अग्रिम कार्रवाई करें।

बुधवार शाम पुलिस आयुक्त रोहनिया थाने में स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल, कालेज, कोचिंग संस्थान, हॉस्टल में सीसीटीवी कैमरे व शिकायत पेटिका लगाई जाए। मिशन शक्ति केन्द्र पर नियुक्त कर्मी एण्टी रोमियों स्क्वाड के रूप में कार्य करते हुए स्कूल/कोचिंग के बाहर खड़े रहने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाही करें। पुलिस कमिश्नर ने महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का परीक्षण कर महिला संबंधी प्रकरणों में संवेदनशील, सहानुभूतिपूर्ण एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया ।

उन्होंने किसी भी महिला संबंधी प्रकरण में तत्काल गुमशुदगी,एफआईआर अनिवार्य रूप से दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने थानों में शिकायत दर्ज करने में किसी प्रकार की देरी, टालमटोल या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही किए जाने की चेतावनी भी दी। महिला अपराध एवं बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में 100 फीसद एफआईआर दर्ज कर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए पीड़िता की गरिमा एवं मर्यादा बनाए रखने पर बल दिया ।

उन्होंने कोचिंग संस्थानों, विद्यालयों एवं महिला हॉस्टलों के आसपास टिप्पणी, पीछा करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करते हुए नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए । मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी को स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर स्कूल, कॉलेज एवं महिला हॉस्टलों में प्रभावी चेकिंग एवं जागरूकता अभियान संचालित करने को कहा। महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का अशोभनीय कृत्य होने पर संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध तत्काल एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story