वाराणसी: प्रशिक्षु अधिकारियों ने पुलिस कमिश्नर से की शिष्टाचार भेंट, सीपी ने दिए उत्कृष्ट पुलिसिंग के गुरुमंत्र

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: प्रशिक्षु अधिकारियों ने पुलिस कमिश्नर से की शिष्टाचार भेंट, सीपी ने दिए उत्कृष्ट पुलिसिंग के गुरुमंत्र


वाराणसी, 12 मई (हि.स.)। 48वीं आईटीसी के प्रशिक्षु अधिकारियों ने मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने अपने प्रशासनिक एवं मैदानी अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों को प्रभावी एवं संवेदनशील पुलिसिंग के महत्वपूर्ण गुरुमंत्र दिए।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि प्रशिक्षण काल सेवा जीवन का स्वर्णिम दौर होता है। इसी अवधि में आत्मबल, साहस, अनुशासन, संवेदनशीलता और ज्ञान का निर्माण होता है, जो एक सफल एवं जिम्मेदार पुलिस अधिकारी की पहचान बनता है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को कमिश्नरेट वाराणसी की कार्यप्रणाली, आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था तथा जनसेवा के मूल्यों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

संवाद के दौरान उन्होंने कमिश्नरेट की प्रशासनिक संरचना एवं प्रमुख इकाइयों जैसे यातायात प्रबंधन, डायल-112, जल पुलिस, पर्यटक पुलिस, तकनीकी रूप से सशक्त एसओजी एवं सर्विलांस टीम, ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन प्रणाली, सीसीटीवी कंट्रोल रूम तथा वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की कार्यशैली की जानकारी दी।

पुलिस आयुक्त ने विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी वाराणसी की संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि तीर्थयात्रियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए सतर्क, संवेदनशील और मानवीय पुलिसिंग बेहद आवश्यक है। उन्होंने श्रावण मास, देव दीपावली तथा प्रयागराज महाकुंभ जैसे अवसरों पर अत्यधिक भीड़ और पलट-प्रवाह की स्थिति में किए जाने वाले भीड़ प्रबंधन, आवागमन, स्नान एवं दर्शन-पूजन व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

साइबर अपराध के बदलते स्वरूप और तकनीकी चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिस अधिकारी को तकनीकी रूप से दक्ष होने के साथ अपराधियों से एक कदम आगे सोचने की क्षमता विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान विभिन्न जनपदों एवं पुलिस मुख्यालयों का अनुभव भविष्य की जटिल परिस्थितियों से निपटने के लिए मजबूत आधार तैयार करता है।

पुलिस कमिश्नर ने ईमानदारी, नैतिकता, कर्तव्यनिष्ठा और सत्यनिष्ठा को एक उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी की वास्तविक पहचान बताते हुए अधिकारियों को स्वयं को निरंतर परिष्कृत कर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ सामूहिक भोजन किया तथा उन्हें स्मृतिचिह्न भेंट कर टीम भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू तथा पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story