सावन मास के दूसरे सोमवार के पूर्व सड़कों पर उतरे पुलिस कमिश्नर,कांवड़ियों से किया संवाद
वाराणसी, 08 अगस्त (हि.स.)। सावन मास के दूसरे सोमवार को लेकर वाराणसी में कांवड़ यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल शनिवार शाम सड़क पर उतरे। उन्होंने मंडुवाडीह से गोदौलिया तक शहरी कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पुलिस कमिश्नर ने मंडुवाडीह, रथयात्रा, गुरुबाग से गोदौलिया तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ यात्रियों के विश्राम स्थलों का भी स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस कमिश्नर ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से कांवड़ यात्रियों के साथ सहयोग, सद्भाव और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की हरसंभव मदद कर उनकी यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुखद बनाने में सभी अपनी भूमिका निभाएं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने कानून-व्यवस्था, यातायात संचालन, सुरक्षा प्रबंध, भीड़ नियंत्रण और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं और आमजन के आवागमन में बाधक अतिक्रमण, अवैध पार्किंग तथा अन्य अवरोधों को चिन्हित कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय से तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिक भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए। राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त करते हुए संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों और कांवड़ मार्गों पर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस कमिश्नर की निगरानी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। बिना नंबर प्लेट के वाहन, गलत दिशा में चलने वाले वाहन तथा बिना परमिट संचालित ऑटो को अभियान के दायरे में लिया गया। इस दौरान 44 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 1,810 वाहनों का चालान की कार्रवाई की गई। कुल 35 लाख 69 हजार 500 रुपये का सम्मन शुल्क वसूला गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस आयुक्त वरुणा जोन लिपि नागयाच तथा अपर पुलिस उपायुक्त यातायात समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

