सावन से पहले एक्शन मोड में वाराणसी पुलिस,सड़कों पर उतरे पुलिस कमिश्नर

WhatsApp Channel Join Now
सावन से पहले एक्शन मोड में वाराणसी पुलिस,सड़कों पर उतरे पुलिस कमिश्नर


— चाँदपुर चौराहा से अंधरापुल तक किया निरीक्षण, अवैध बस स्टैंड, अनधिकृत पार्किंग और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

वाराणसी, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में सावन माह की प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के पावन ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक के लिए आने वाले लाखों शिवभक्तों (कांवड़ियों) की सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर (सीपी) मोहित अग्रवाल एक्शन में है। बुधवार शाम पुलिस कमिश्नर ने चांदपुर चौराहा से लेकर अंधरापुल तक के प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस आयुक्त ने चाँदपुर चौराहा, बौलिया तिराहा, लहरतारा, कैंट स्टेशन, चौकाघाट और अंधरापुल सहित शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख कावड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चाँदपुर चौराहे से बौलिया तिराहे तक निर्माणाधीन सर्विस लेन का जायजा लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि सावन के दौरान कांवड़ यात्रियों और आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने कांवड़ मार्गों पर निर्बाध यातायात बनाए रखने के लिए अवैध बस स्टैंड, अनधिकृत वाहन पार्किंग और सड़क अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क और फुटपाथ पर ठेला-खुमचा एवं दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने तथा दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

सुरक्षा और निगरानी का पुख्ता ब्लूप्रिंट

पुलिस आयुक्त ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, प्रमुख चौराहों और कांवड़ यात्रियों की अधिक आवाजाही वाले संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल और यातायात कर्मियों की तैनाती के साथ-साथ सतत निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, दिशासूचक संकेतक, बैरिकेडिंग, आपातकालीन सहायता केंद्र तथा त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्हाेंने ने बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों के आसपास अनैतिक, संदिग्ध एवं विधि-विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन लिपि नागायच, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात), सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया, संबंधित यातायात निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story