जबलपुर बरगी डैम क्रूज हादसे के बाद वाराणसी में गंगा नदी में बढ़ी चौकसी, नाविकों से संवाद
—पुलिस कमिश्नर ने स्टीमर से प्रमुखघाटों का किया निरीक्षण, गहरे जल क्षेत्र में नौका संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित करने के निर्देश
वाराणसी, 03 मई (हि.स.)। जबलपुर बरगी डैम क्रूज हादसे के बाद वाराणसी में पुलिस अफसर सतर्क हैं। रविवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने गंगा नदी के प्रमुख घाटों का स्टीमर से निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने यात्रियों की सुरक्षा, नाव संचालन, स्नान नियमों को लेकर अफसरों को खास तौर पर हिदायत दी।
उन्होंने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा नाव संचालन गतिविधियों का मूल्यांकन भी किया। नाव संचालन के लिए चिन्हित मार्गों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए, साथ ही चेतावनी दी कि तेज हवा, अधिक जल प्रवाह तथा गहरे जल क्षेत्र में नौका संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रखा जाए। सीपी ने नाविकों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं। प्रत्येक यात्रा के दौरान लाइफ जैकेट सहित सभी सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित करें। घाटों पर स्थापित चेतावनी संकेतकों एवं सुरक्षा बैरिकेडिंग का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संकेतक स्पष्ट, दृश्य एवं जनसामान्य के लिए समझने योग्य स्थिति में बनाए रखें।
वाटर बैरिकेटिंग व सुरक्षा जाल (नेट) का परीक्षण कर उसकी मजबूती एवं कार्यक्षमता का आकलन किया गया तथा आवश्यकतानुसार उसके रखरखाव एवं सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए गए। घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को केवल चिन्हित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने हेतु जागरूक किया गया। साथ ही गहरे पानी में जाने से होने वाले संभावित खतरों के प्रति सचेत किया गया। पुलिस कमिश्नर ने घाटों पर निरंतर पुलिस कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सक्रिय करने को कहा। भीड़भाड़ वाले घाटों पर ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाते हुए संबंधित विभागों के समन्वय से स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन सुविधाओं को सुदृढ़ कर किसी भी स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थाना मंडुवाडीह का किया निरीक्षण
गंगाघाटों के निरीक्षण के उपरांत पुलिस आयुक्त ने थाना मंड़ुवाडीह का निरीक्षण कर नवागंतुक आरक्षियों से संवाद भी किया। नये आरक्षियों के लिए आवास, भोजन, शुद्ध पेयजल सहित मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नव नियुक्त आरक्षियों को बीट आवंटन, आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, सीसीटीएनएस, सीडीआर विश्लेषण, ऑपरेशन चक्रव्यूह, यक्ष ऐप व आरटीसी प्रणाली में दक्ष बनाकर उन्हें कुशल, अनुशासित एवं सक्षम पुलिसकर्मी के रूप में तैयार करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी व अन्य अफसर भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

