सीबीआई की तर्ज पर कार्य करेगी अपराध शाखा: पुलिस आयुक्त
—पुलिस कमिश्नर ने अपराध शाखा एवं एएचटी थाना के कार्यों की समीक्षा की
वाराणसी,04 फरवरी (हि.स.)। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने बुधवार शाम कहा कि अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) अब केवल पुराने मामलों की फाइलों का डंपिंग यार्ड नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विवेचना का मुख्य केंद्र बनेगी। तकनीक और कानूनों की गहरी समझ रखने वाले विवेचक ही केसों की विवेचना करेंगे।
पुलिस कमिश्नर अपराध शाखा एवं एएचटी थाना के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीबीआई की तर्ज पर अपराध शाखा कार्य करेगी। अपराध शाखा में विवेचना के स्थानान्तरण पर वादी के मन में न्याय की भावना तथा अभियुक्तों में डर की भावना उत्पन्न हो कि अब तो दूध का दूध पानी का पानी होगा । थाना एएचटी के कार्यों और विगत 03 वर्षों से लापता 06 बालिकाओं की सफल बरामदगी पर पुलिस कमिश्नर ने पुलिस अफसरों की प्रशंसा की। अपराध शाखा ने विगत वर्ष 49 विवेचनाओं का निस्तारण किया। इसके अलावा माह जनवरी 2026 में कुल 06 विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया।
इस पर सीपी ने टीम का जमकर उत्साह बढ़ाया। उन्होंने लम्बित विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित के लिए दिशा निर्देश भी दिया। उन्होंने सहायक पुलिस आयुक्त अपराध को निर्देशित किया कि लम्बित विवेचनाओं की प्रतिदिन समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे निरंतर निगरानी बनी रहे। विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो सम्बंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की चेतावनी दी गई।
मानव तस्करी एवं महिला,बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही करने को कहा। सीपी ने निर्देशित किया कि आधुनिक विवेचना के लिए डिजिटल साक्ष्य विश्लेषण उपकरण, सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक जांच एवं तकनीकी विशेषज्ञता का अधिकतम उपयोग किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

