वाराणसी : संविधान दिवस पर वाराणसी में पुलिस कर्मियों ने ली मौलिक कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ
-संविधान के मूल्यों को समझने और उन्हें मजबूत बनाने में सक्षम है आज का युवा: अपर पुलिस आयुक्त किरीट राठौड़
वाराणसी, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ ली। इस अवसर पर पुलिस लाइन सहित जनपद के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें पुलिसकर्मियों ने संविधान की भावना के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) किरीट राठौड़ ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से संवैधानिक आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात करने तथा उनके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज का युवा जागरूक है और उसमें संविधान के मूल्यों को समझने के साथ ही उन्हें मजबूत बनाने की क्षमता है। युवाओं की सकारात्मक सोच, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी देश के भविष्य को नई दिशा दे सकती है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आजादी के बाद देश को एक सुदृढ़ लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रदान करने के उद्देश्य से संविधान सभा का गठन किया गया था। लंबे विचार-विमर्श और व्यापक प्रयासों के बाद 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
इसी क्रम में अपर पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन नृपेन्द्र सिंह ने अपने कार्यालय परिसर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया और संवैधानिक मूल्यों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। गोमती जोन के सभी थानों में भी संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें पुलिसकर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर उसके आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का सम्मान करने, विधि के शासन के प्रति प्रतिबद्ध रहने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और ईमानदारी से करने का आह्वान किया गया।
उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की गरिमा और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने तथा संविधान की मूल भावना के अनुरूप अपने कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

