भाजपा के आक्रोश सभा पर कांग्रेस का तंज, दिख रही राजनीतिक घबराहट व बौखलाहट

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी, 03 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर छिड़ा सियासी जंग बुधवार को भी जारी रहा। जहां भारतीय जनता पार्टी की वाराणसी जिला एवं महानगर इकाई ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल कचहरी स्थित जिला मुख्यालय पर आक्रोश सभा आयोजित कर उन्हें निशाने पर लिया। वहीं, कांग्रेस ने भी भाजपा के आक्रोश सभा पर तंज कसा।

कांग्रेस की वाराणसी महानगर इकाई ने बयान जारी कर भाजपा पर जमकर हमला बोला। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि भाजपा का तथाकथित आक्रोश कार्यक्रम उसकी राजनीतिक घबराहट और कांग्रेस की जनपक्षीय आवाज़ों से भय का परिणाम है यह आक्रोश सभा नहीं, बल्कि भाजपा की बौखलाहट, घबराहट और राजनीतिक हताशा का सार्वजनिक प्रदर्शन है। आज देश और प्रदेश की जनता अनेक गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार सवालों के घेरे में है। महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और कमजोर वर्गों, छात्र, किसान, महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। महोबा की दलित बिटिया को न्याय दिलाने के लिए भाजपा ने कब आक्रोश व्यक्त किया? प्रदेश में बढ़ते अपराध, हत्याओं और महिलाओं की असुरक्षा के खिलाफ उसकी कोई आक्रोश सभा क्यों नहीं हुई?। लाखों छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े नीट पेपर लीक मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही धांधलियों से युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। लेकिन भाजपा के नेताओं को इन मुद्दों पर सड़क पर उतरने की फुर्सत नहीं मिली। बेरोजगारी अपने चरम पर है, शिक्षित नौजवान रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन भाजपा को युवाओं के दर्द से कोई सरोकार नहीं है। देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, खाद्य पदार्थ और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। जनता महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन भाजपा का आक्रोश कभी महंगाई के खिलाफ दिखाई नहीं देता। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली सरकार किसानों की समस्याओं पर भी मौन है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story