वाराणसी लोकसभा चुनाव निरस्त कर पुनः चुनाव कराने की मांग, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी लोकसभा चुनाव निरस्त कर पुनः चुनाव कराने की मांग, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन


—कार्यकर्ताओं ने चुनावी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई

वाराणसी, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी लोकसभा चुनाव 2024 में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने वाराणसी लोकसभा चुनाव को निरस्त कर पुनः चुनाव कराने तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शन से पूर्व बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास एकत्र हुए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए कचहरी स्थित जिला मुख्यालय पहुंचे और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से राष्ट्रपति के नाम संबोधित मांग-पत्र जिलाधिकारी के प्रतिनिधि अधिकारी को सौंपा गया।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि अजय राय काशी के वास्तविक जनप्रतिनिधि हैं और जनता ने उन्हें अपना समर्थन दिया था। उन्होंने कहा कि वाराणसी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी पूरी सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। प्रदर्शन में गुलशन अली, प्रजानाथ शर्मा, फसाहत हुसैन बाबू, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, रमजान अली, वकील अंसारी, राजीव राम आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story