‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत दिल्ली में 01 नवंबर को कांग्रेस की महारैली : रघु शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत दिल्ली में 01 नवंबर को कांग्रेस की महारैली : रघु शर्मा


पूर्व सांसद रघु शर्मा ने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता बहाल करने की उठाई मांग

वाराणसी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव रघु शर्मा ने मंगलवार काे कहा कि वोट चोरी’ केवल एक चुनाव या किसी एक राज्य तक सीमित मुद्दा नहीं है, बल्कि यह देश के लोकतंत्र और जनता के मताधिकार से जुड़ा व्यापक सवाल है। पार्टी आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली में उठाने वाली है।

मंगलवार को पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में रघु शर्मा ने महारैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, विभिन्न राज्यों में मतदाताओं की संख्या में अचानक वृद्धि और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस पार्टी की चिंताओं को विस्तार से रखा। एआईसीसी पर्यवेक्षक रघु शर्मा ने महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में मतदाताओं की संख्या में अचानक हुई वृद्धि को लेकर पार्टी द्वारा उठाए जा रहे सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस इस विषय को लगातार जनता के बीच ले जा रही है। रघु शर्मा ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत देशभर में जनजागरण किया जा रहा है।

इसी क्रम में विभिन्न जिलों में पत्रकार वार्ताएं आयोजित की जा रही हैं, ताकि मतदाता अधिकारों और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सवालों को जनता के सामने रखा जा सके। वाराणसी में आयोजित पत्रकार वार्ता भी इसी राष्ट्रव्यापी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। वार्ता में पीसीसी पर्यवेक्षक, पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ,जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ,महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे , वरिष्ठ नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह , महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767887 Articles

Share this story