कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ महासंग्राम जन चौपाल लगाई

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ महासंग्राम जन चौपाल लगाई


वाराणसी,18 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में रविवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के मनरेगा बचाओ महासंग्राम जन चौपाल कार्यक्रम का आयाेजन किया। इस दाैरान कार्यकर्ताओं ने कड़ाके की सर्दी को देखते हुए जरूरतमंद लोगों में कंबल भी बांटे।

छित्तूपुर के पंचायत भवन में आयोजित जनचौपाल में केन्द्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर मुखर कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवा कांग्रेस जन-जन तक जाकर मनरेगा बचाने का संदेश दे रही है। जरूरतमंदों को भी हर संभव सहायता पहुंचा रही है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह और विशिष्ट अतिथि कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से कहा कि मनरेगा बचाओ महासंग्राम में गरीब-मजदूरों के अधिकारों, मनरेगा की वर्तमान स्थिति और उससे जुड़ी समस्याओं पर व्यापक चर्चा हो रही है। मनरेगा देश के गरीब, मजदूर और ग्रामीण जनता की जीवनरेखा है, लेकिन मौजूदा सरकार लगातार इसके बजट में कटौती कर मजदूरों के अधिकारों को कमजोर कर रही है।

पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस मनरेगा को बचाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा ने बताया कि जनचौपाल के माध्यम से मजदूरों की समस्याएं सीधे सुनी गईं और उनके समाधान को लेकर ठोस चर्चा हुई। कंबल वितरण के जरिए ठंड से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम का संयोजन प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस सिद्धार्थ केशरी, संचालन माधव कृष्णा और धन्यवाद ज्ञापन सह अर्शिया ख़ान ने किया।

कार्यक्रम में ओम शुक्ला, अरुणेश सिंह अन्नू, कुंवर यादव, रोहित दुबे, धीरज सोनकर, मो.जिशान, विनीत चौबे आदि ने भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story