वाराणसी : बूथ प्रहरियों की बैठक में कांग्रेस ने संगठन मजबूत करने पर दिया जोर, खड़गे का मनाया जन्मदिन
वाराणसी, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देते हुए कांग्रेस की वाराणसी महानगर इकाई ने बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को भदैनी और बंगाली टोला ब्लॉक में बूथ प्रहरियों की बैठक आयोजित की गई।
कैंट विधानसभा क्षेत्र के रामापुरा वार्ड में आयोजित बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया। इसके बाद आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नेताओं ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं और युवाओं पर पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसके विरोध में निंदा प्रस्ताव पारित किया। वक्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की, जबकि संचालन महानगर महासचिव प्रमोद वर्मा ने किया। बैठक में पार्टी के प्रवक्ता संजीव सिंह, प्रमोद वर्मा, वकील अंसारी, अरुण सोनी, अफसर खान, सुनील श्रीवास्तव, शशि सोनकर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

