वाराणसी के राजकीय अलंकृत उद्यान कम्पनी बाग में दो दिवसीय मण्डलीय पुष्प प्रदर्शनी शनिवार से
—राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल करेंगे उद्घाटन-प्रात:आठ बजे से आमजन प्रदर्शनी में प्रवेश कर सकेंगे
वाराणसी, 20 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी कचहरी स्थित राजकीय अलंकृत उद्यान कम्पनी बाग में दो दिवसीय मण्डलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ शनिवार से होगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल करेंगे। आमजन के लिए प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक खुली रहेगी।
यह जानकारी शुक्रवार को उपनिदेशक उद्यान दिग्विजय कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी के साथ दो दिवसीय कृषक गोष्ठी भी हाेगी। मण्डल के विभिन्न जनपदों से आए कृषकों को शाकभाजी, फल एवं पुष्प उत्पादन के साथ मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, ग्रीन हाउस खेती आदि आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी वैज्ञानिकों द्वारा दी जाएगी।
कृषकों को कृषि एवं बागवानी से संबंधित साहित्य भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में व्यक्तिगत प्रतिभागियों के साथ राजकीय संस्थान, महाविद्यालय, उद्यमी, निजी पौधशालाएं, रेलवे एवं अन्य प्रतिष्ठान अपने प्रदर्श लगाकर प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रदर्शनी को 18 वर्गों एवं 154 श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इसमें शाकभाजी, फल, संरक्षित फल उत्पाद, गुलाब व डहेलिया के कटे फूल, मौसमी फूल, कलात्मक पुष्प सज्जा, गमलों में जाड़े के पौधे, कैक्टस, सकुलेन्टस, बोनसाई, औषधीय एवं सुगंधित पौधे, वर्टिकल गार्डेन, रंगोली, टेरारियम, विवाह मंडप सज्जा आदि की आकर्षक प्रस्तुति होगी।
प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमशः 700 रुपये, 500 रुपये एवं 400रुपये के साथ स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस वर्ष प्रदर्शनी को अधिक आकर्षक बनाने के लिए सहज योग सत्र, न्यूमेरोलॉजी, नेचर-बेस्ड गतिविधियां, मूड आधारित फ्लावर एक्टिविटी, फ्लावर स्टॉल, वैदिक गणित, फेस पेंटिंग, फ्लावर पॉट पेंटिंग, लाइव एवं एब्सट्रैक्ट पेंटिंग, आर्ट एवं क्राफ्ट, लर्निंग एक्टिविटी, हेल्दी बेबी शो, बनारसी औद्यानिक उत्पादों की प्रदर्शनी, दक्षिण भारतीय व्यंजन, ठंडई, कुल्फी, बाटी-चोखा, फूड कोर्ट, एक्टिविटी हट, अन्नपूर्णा चाट काउंटर सहित कई विशेष आकर्षण शामिल किए गए हैं।
साथ ही जीआई टैग प्राप्त बनारसी आम, बनारसी पान, रामनगर भांटा, करौंदा एवं भरुआ लाल मिर्च की आकृतियों के साथ पौधों की टोपियरी एवं सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जा रहे हैं। नमो घाट एवं श्रीराम दरबार की प्रतिकृति भी आकर्षण का केंद्र होगी। सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों, बनारस क्लब बैंड एवं बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
कृषक गोष्ठी एवं प्रदर्शनी में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान तथा कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक सहभागिता करेंगे और आधुनिक वैज्ञानिक पद्धतियों पर मार्गदर्शन देंगे। प्रदर्शनी का समापन एवं पारितोषिक वितरण समारोह 22 फरवरी को अपराह्न 2:00 बजे आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में महापौर अशोक कुमार तिवारी उपस्थित रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

