वाराणसी : बुद्ध विहार कॉलोनी में बीते 17 दिनों से सीवर जाम, जलकल विभाग कर रहा अनदेखी

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : बुद्ध विहार कॉलोनी में बीते 17 दिनों से सीवर जाम, जलकल विभाग कर रहा अनदेखी


वाराणसी, 31 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में छावनी क्षेत्र के समीप बुद्ध विहार कॉलोनी में बीते 17 दिनों से सीवर जाम होने के कारण जल भराव की समस्या बनी हुई है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर स्थानीय विधायक एवं जलकल के कर्मचारियों को सूचित किया गया है, बावजूद इसके अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

बुद्ध विहार कॉलोनी निवासी अजय द्विवेदी ने बताया कि सीवर जाम होने पर सर्वप्रथम उन लोगों ने नगर निगम के जोन कार्यालय को सूचित किया जहां से जलकल विभाग के कर्मचारी आए लेकिन बरसात के कारण कुछ ना कर पाने की स्थिति में वापस चले गए। कुछ दो दिन के बाद कॉलोनी के लोगों ने स्थानीय विधायक रविंद्र जायसवाल को इस संबंध में जानकारी दी। विधायक की ओर से सीवर जाम की समस्या को निस्तारित करने का आश्वासन दिया गया। फिर भी अभी तक कुछ नहीं हो पाया।

जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह ने कहा कि बुद्ध विहार कॉलोनी की समस्या की जानकारी हुई है। जल्द ही सीवर जाम की समस्या को निस्तारित कराया जाएगा। बता दें कि बुद्ध विहार कॉलोनी का रास्ता छावनी क्षेत्र से होकर ही जाता है। छावनी क्षेत्र के होटल मदीन के पीछे प्राधिकरण ने इस कॉलोनी को स्थापित किया है, जिसमें करीब 18 मकानों में लोगों का रहना होता हैं। रिहायशी मकानों के अलावा कुछ व्यवसायिक गतिविधियां भी कॉलोनी में संचालित होती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story