खेल शक्ति ही राष्ट्र शक्ति, नई खेल संस्कृति के साथ राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर अग्रसर यूपी : योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now
खेल शक्ति ही राष्ट्र शक्ति, नई खेल संस्कृति के साथ राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर अग्रसर यूपी : योगी आदित्यनाथ


खेल शक्ति ही राष्ट्र शक्ति, नई खेल संस्कृति के साथ राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर अग्रसर यूपी : योगी आदित्यनाथ


—72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के शुभारंभ पर बोले मुख्यमंत्री

—खेलो इंडिया, फिट इंडिया और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ने बदली खेलों की तस्वीर, गांव से ग्लोबल मंच तक दिख रहा परिणाम

वाराणसी,4 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश और देश में खेल को नई दृष्टि, नए संसाधन और नया आत्मविश्वास मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उभरते “न्यू स्पोर्ट्स कल्चर” ने युवाओं में अनुशासन, फिटनेस और टीम-स्पिरिट को मजबूत किया है। अब खेल सिर्फ शौक नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुका है। मुख्यमंत्री यहां सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोट्र्स स्टेडियम में आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल वालीबॉल चैंपियनशिप के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वालीबॉल चैंपियनशिप का वर्चुअली शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में स्पोर्टस अथॉरिटी ऑफ इंडिया व उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के मध्य नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (एनसीओई) के संचालन के लिए एमओयू का आदान-प्रदान हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, पारदर्शी चयन-प्रक्रिया और मिशन-मोड पर चल रही योजनाओं के चलते युवा खिलाड़ियों के लिए अवसर बढ़े हैं। ग्राम पंचायत से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक प्रतियोगिताओं का विस्तार किया गया है। परिणामस्वरूप यूपी के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पहले से कई गुना अधिक भागीदारी और पदक ला रहे हैं।

—हर भारतवासी ने देश में नई खेल संस्कृति को पनपते देखा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 11 वर्ष के अंदर हर भारतवासी ने देश में नई खेल संस्कृति को पनपते देखा है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में खेलो इंडिया खेलो के माध्यम से हर भारतवासी के मन में खेल के प्रति सम्मान का भाव पैदा किया। उन्होंने संदेश दिया कि खेल जीवन के सर्वांगीण विकास का माध्यम बने। स्वस्थ शरीर से ही सफलता के सभी आयाम प्राप्त किए जा सकते हैं। खेलो इंडिया खेलो, फिट इंडिया मूवमेंट, सांसद खेलकूद प्रतियोगिता और हर जनपद में बनने वाले खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से पूरा देश नई खेल संस्कृति का अनुभव कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सांसद-विधायक खेलकूद प्रतियोगिता, ग्रामीण खेलकूद की विभिन्न प्रतियोगिता आदि के माध्यम से हम लोगों ने उत्तर प्रदेश में खेल को बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 43 वर्ष बाद सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन यूपी के अंदर वाराणसी नगर निगम द्वारा किया जा रहा है। इस आयोजन के पीछे प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा, मार्गदर्शन व नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि प्रदेश-देश में खेल का आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में 8-साढ़े 8 वर्ष में खेलकूद प्रतियोगिता को बढ़ाने का कार्य हुआ। हर गांव में खेल मैदान, हर जनपद में स्टेडियम, हर विकास खंड स्तर पर मिनी स्टेडियम का निर्माण, नगर निकाय व ग्राम पंचायत से होने वाले कार्यों की प्राथमिकता में ओपन जिम निर्माण के साथ ही हर स्तर पर खेलकूद की गतिविधियों को बढ़ाने के प्रयास प्रारंभ हुए हैं। महापौर अशोक तिवारी ने मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। शुभारंभ समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव आदि भी मौजूद रहे।

—अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से मिले सीएम योगी

उद्घाटन समारोह में स्टेडियम आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से संवाद किया और उनकी हौसला भी बढ़ाया। स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिम और इसके उपकरणों के रखरखाव को देखा। मुख्यमंत्री ने शूटिंग के खिलाड़ी एक बच्चे को बुलाकर उससे खेल के बारे में पूछा, इस बच्चे ने मुख्यमंत्री के सामने निशाना भी साधा। मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेलों में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story