संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धन से काशी विश्वनाथ मार्ग को चमकाने में जुटा नगर निगम

WhatsApp Channel Join Now
संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धन से काशी विश्वनाथ मार्ग को चमकाने में जुटा नगर निगम


—संत शिरोमणि की जयंती पर मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन सतर्क

वाराणसी,27 जुलाई (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर 29 जुलाई बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काशी आगमन की संभावना को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। संत शिरोमणि की जन्मस्थली सीरगोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाले पूरे मार्ग को स्वच्छ और सुंदर बनाने की कवायद युद्धस्तर पर चल रही है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मुख्यमंत्री के संभावित रूट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रविदास गेट से सोनारपुरा, बंगाली टोला और गोदौलिया मार्ग तक पाथवे तथा नालियों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही मार्ग पर आवश्यकतानुसार आकर्षक वॉल पेंटिंग कराने और सड़कों पर पैचवर्क (गड्ढामुक्ति) का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। सोमवार को यह जानकारी नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी। बताया गया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर मार्ग में लटक रहे ढीले और जर्जर तारों को तुरंत व्यवस्थित करने का कार्य भी चल रहा है। वहीं, नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को सख्त हिदायत दी गई है कि मार्ग पर पड़े सीएंडडी वेस्ट (मकानों के मलबे और कंस्ट्रक्शन वेस्ट) को तत्काल हटवाकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं व अतिथियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर सफाई व्यवस्था के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तैयारी चल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story