आर्थिकी व आस्था के बीच अद्भुत समन्वय का बेहतरीन प्रयास है बनारस बिनाले : मुख्यमंत्री योगी

WhatsApp Channel Join Now
आर्थिकी व आस्था के बीच अद्भुत समन्वय का बेहतरीन प्रयास है बनारस बिनाले : मुख्यमंत्री योगी


आर्थिकी व आस्था के बीच अद्भुत समन्वय का बेहतरीन प्रयास है बनारस बिनाले : मुख्यमंत्री योगी


—मुख्यमंत्री ने सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का किया औपचारिक शुभारंभ

बोले—काशी की तरह बनारस बिनाले भी जीवंतता का प्रमाण बनेगा

वाराणसी, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी हिन्दू विश्वविद्वयालय (बीएचयू) में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का औपचारिक शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने पुस्तिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बनारस बिनाले आर्थिकी व आस्था के बीच अद्भुत समन्वय का बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने आशा जताई कि काशी की तरह बनारस बिनाले भी जीवंतता का प्रमाण बनेगा। मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार के कार्यों को गिनाते हुए कहा कि नीयत साफ, नीति स्पष्ट हो तो नियंता की कृपा भी बरसती है।

उन्होंने कहा कि संस्कृति और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे के पूरक हैं। आस्था और आर्थिकी के रास्ते अलग हो सकते हैं, लेकिन मंजिल एक हैं। महाकुम्भ इसका उदाहरण है। विकास व विरासत के अद्भुत यात्रा का परिणाम है कि कभी बीमारू उत्तर प्रदेश को भारत के इकॉनमी के ग्रोथ इंजन के रूप में देखा जा रहा है। यूपी रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है। देश के अंदर सर्वाधिक दो लाख करोड़ रुपये यूपी में कैपिटल एक्सपेंडिचर पर खर्च होता है। उन्होंने कहा कि अविनाशी काशी भारत की संस्कृति, अध्यात्म, ज्ञान व संगीत की अद्भुत भवभूमि है। जो काशी में है, वही सर्वत्र दिखाई देगा। जो यहां नहीं है, वह अन्यत्र भी दृष्टिगोचर नहीं होगा। मार्क ट्विन ने कहा था कि काशी इतिहास से भी पुरानी व परंपरा से भी प्राचीन है। काशी प्राचीन काल से ही आध्यात्मिक विरासत की केंद्रबिंदु रही है। काशी की पौराणिकता का उल्लेख कर कहा कि अनेक कथाओं व पाणिनी की रचनाओं में काशी का उल्लेख मिलता है। दुनिया के पहले सर्जन सुश्रुत ने भगवान धन्वतंरि से काशी में शल्य चिकित्सा का ज्ञान अर्जित किया था। यहां के विद्वानों ने सूर्य, चंद्र व ग्रहों का सटीक अनुमान लगाया था। काशी का पंचांग सबसे व्यावहारिक माना जाता है और लोग इसी के अनुरूप पर्व और मांगलिक कार्य करते हैं।

—जो भी काशी आया, यहीं का होकर रह गया

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि काशी ने भारतीय साहित्य को भी कालजयी रचनाएं दी हैं। गोस्वामी तुलसीदास ने यहां रहकर रामचरित मानस की रचना की तो संत कबीर ने दोहे से समाज को नई दिशा दी। आधुनिक युग में मुंशी प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद, भारतेंदु हरिश्चंद्र ने काशी से हिंदी साहित्य को समृद्ध किया है। यहां संतों की लंबी परंपरा रही है। जो भी काशी आया, यहीं का होकर रह गया। जिसने जिस दृष्टि से काशी को देखा, उसे वैसे ही सृष्टि जीवन में देखने को मिली। उन्होंने कहा कि बुद्ध ने ज्ञान के लिए सारनाथ को उपदेश की पहली भूमि के रूप में चुना। यहां भगवान पार्श्वनाथ का जन्म हुआ। बनारस बिनाले का कार्यक्रम काशी की अद्भुत परंपरा के साथ मेल खाता है। 1995 में वेनिस बिनाले से इसकी शुरुआत हुई और भारत में यह 2012 में प्रारंभ हुआ। अब यह वेनिस से कोच्चि और कोच्चि से काशी में पहुंच रहा है। काशी की विरासत उतना ही प्राचीन है, जितना दुनिया का इतिहास।

—काशी केवल ट्रेडिशन तक मौजूद नहीं, इसने आधुनिकता को भी स्वीकारा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी की सांस्कृतिक परंपरा इसे जीवंत स्मारक के रूप में प्रस्तुत करती है। यहां घाट-गंगा की पावन धारा, वस्त्र-संगीत, ज्ञान की समृद्ध परंपरा भी है। यह केवल ट्रेडिशन तक मौजूद नहीं है, इसने आधुनिकता को स्वीकार करने में देर नहीं लगाई। परतंत्र भारत में 1916 में महामना ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना की। काशी में बनारसी रेशम, जरी के साथ ओडीओपी उत्पाद भी दिखेंगे। नए खरीदार के साथ ही काशी को नया सम्मान भी मिलता है। उन्होंने कहा कि बीएचयू का भारत कला भवन, ज्ञान प्रवाह, नागरी प्रचारिणी सभा, पेशवा हवेली, संग्रहालय, विश्वविद्यालय व उद्योग सांझी सांस्कृतिक यात्रा से जुड़े रहे हैं। काशी बिनाले का प्रथम संस्करण नई परंपरा की नींव रख रहा है। सदियों से ज्ञान की राजधानी काशी आधुनिक कला, संवाद की प्रमुख राजधानी के रूप में गिनी जाए। उक्त के साथ ही नमो घाट, प्रदर्शनियों, फिल्म, शिल्प व साहित्य के माध्यम से काशी की विरासत को नई दृष्टि मिल रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की उत्तर प्रदेश सरकार विरासत और विकास पर विश्वास करती है। हमें ट्रेडिशनल नॉलेज के साथ मॉडर्न टेक्नोलॉजी भी चाहिए। हम दोनों को साथ लेकर चल रहे हैं। काशी विश्वनाथ धाम प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है। यहां के 84 घाट ऐतिहासिक यात्रा को नई ऊंचाई प्रदान करते हैं। गंगा आरती, नमो घाट, अलकनंदा क्रूज, गंगा विलास जैसी पर्यटन सुविधाओं की अनुभूति भी की जा सकती है। वाराणसी साड़ी व हस्तशिल्प को ओडीओपी के जरिए ई-कॉमर्स के जरिए वैश्विक बाजार से जोड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यहां रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन, इंटरनेशल एयरपोर्ट, सिमलेस कनेक्टिविटी के सफल प्रयास हुए हैं। भारत का पहला अर्बन रोपवे बहुत जल्द शुरू होने वाला है। इन प्रयासों ने दिखाया है कि जब आस्था के केंद्रों का सम्मान होता है तो केवल मंदिर नहीं, बल्कि पूरा लोकल इकॉनमी को भी गति मिलती है। पर्यटन बढ़ता है और कारीगर को बाजार मिलता है तो नाविक, होटल, ट्रांसपोर्ट, व्यापारियों से जुड़े लाखों परिवारों को रोजगार मिलता है। उन्होंने कहा कि उद्योग की पहली आवश्यकता सुरक्षित माहौल है। अपराध व अपराधियों के प्रति सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति साढ़े नौ वर्ष पहले अपनाई थी, जो अनवरत चल रही है। उन्होंने तुलनात्मक आंकड़े के जरिए यूपी के विकास को भी बताया। कहा कि आजादी के बाद से 2017 तक यूपी में 14 हजार बड़े कारखाने लगे थे, आज यूपी में 2017 से 2026 तक 35 हजार बड़े कारखाने लगे हैं यानी जब नीयत साफ, नीति स्पष्ट हो तो नियंता कृपा भी करते हैं। आज डेटा सेंटर, ईवी, डिफेंस मैन्युफेक्चरिंग, सेमीकंडक्टर और इमर्जिंग सेक्टर यूपी की औद्योगिक शक्ति को नई ऊंचाई दे रहे हैं।

—कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह, बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, सीआईआई बनारस बिनाले के अध्यक्ष माधव सिंहानिया, डीजी चंद्रजीत बनर्जी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785065 Articles

Share this story