प्रधानमंत्री मोदी के काशी आने के पहले वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, की समीक्षा बैठक

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के काशी आने के पहले वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, की समीक्षा बैठक


बोले—प्रधानमंत्री के आगमन एवं एयर शो के दृष्टिगत गंगा घाटों के साथ ही अन्य आवश्यक सभी स्थानों पर सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित किए जाए

वाराणसी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम स्थानीय सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी आगमन से एक दिन पूर्व शहर में आए मुख्यमत्री ने रविवार को एयर शो के दौरान आम जनमानस की पहुंच गंगा घाटों पर आसान किये जाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अनावश्यक बैरिकेटिंग न किया जाय। भारी भीड़ को देखते हुए बेहतर प्रबंध सुनिश्चित किए जाय। सभी मार्गों सहित पूरे शहर में साफ सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने पर भी विशेष जोर दिया। सभी गंगा घाटों पर अतिरिक्त साफ सफाई, पर्याप्त टॉयलेट, पीने का पानी आदि की बेहतर प्रबंध किए जाय। प्रधानमंत्री के आगमन एवं एयर शो के दृष्टिगत गंगा घाटों के साथ ही अन्य आवश्यक सभी स्थानों पर सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित किए जाए। वाहनों के पार्किंग की पर्याप्त स्थल, रूट डायवर्जन के साथ ही यातायात के सुगम व्यवस्था पर जोर दिया।

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार तथा पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन की तैयारियों से अवगत कराया गया। जिसके संदर्भ में मुख्यमंत्री द्वारा उचित दिशा-निर्देश भी दिया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने घाटों पर सिल्ट सफाई, 200 मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था, 280 वाटर टैंकर, दो हजार डस्टबिन घाट एवं अन्य रूटों पर रखने समेत 200 सफाई वॉलंटियर की मौजूदगी समेत व्यवस्था में लगे सफाई कर्मचारियों के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री ने पूरे शहर में साफ-सफाई के साथ संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पड़े कूड़े को हटाने हेतु निर्देशित किया।

बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, सदस्य विधान परिषद राय धर्मेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ अवधेश सिंह, विधायक त्रिभुवन राम, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ सुनील पटेल, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766233 Articles

Share this story