गंगा सेवा निधि की आरती में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
गंगा सेवा निधि की आरती में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि


वाराणसी, 21 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता जी के निधन पर शनिवार को वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित सांध्यकालीन गंगा आरती के दौरान भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मां गंगा की गोद में दीपदान कर दिवंगत पुण्यात्मा की शांति एवं सद्गति के लिए बाबा श्री काशी विश्वनाथ से प्रार्थना की गई।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं और गंगा सेवा निधि के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पूरा दशाश्वमेध घाट शोक और संवेदना के भाव से सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने कहा कि ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समस्त काशीवासियों की ओर से बाबा श्री काशी विश्वनाथ और मां गंगा से यही प्रार्थना है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में गंगा सेवा निधि के सचिव सुरजीत सिंह, सचिव हनुमान यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781163 Articles

Share this story