मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी कोतवाल बाबा काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी कोतवाल बाबा काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी


—काल भैरव मंदिर में बच्चों से आत्मीयता से मिले मुख्यमंत्री, चॉकलेट देकर किया दुलार

वाराणसी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने वाराणसी दौरे के दौरान काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने बाबा के चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और आरती उतारी। मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीयता के साथ मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को स्नेहपूर्वक चॉकलेट दी और उनसे बातचीत कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति यह स्नेहपूर्ण व्यवहार वहां मौजूद लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।

इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने गर्भगृह में जाकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और षोडशोपचार विधि से पूजन-अर्चन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न पूजा के दौरान उन्होंने जनकल्याण और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री के साथ दर्शन-पूजन के दौरान प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी तथा विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770224 Articles

Share this story