मुख्यमंत्री योगी के वाराणसी आगमन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, सभा स्थल का पुलिस अफसरों ने किया निरीक्षण
— अपर पुलिस आयुक्त ने जगतपुर इंटर कॉलेज में तैयारियों का लिया जायजा, पुलिसकर्मियों को दिए सतर्कता के निर्देश
वाराणसी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार, 07 अक्टूबर को वाराणसी दौरे और रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज में प्रस्तावित जनसभा को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंगलवार शाम पुलिस अधिकारियों ने सभा स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल के निर्देश पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने जगतपुर इंटर कॉलेज पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने जनसभा स्थल, आने-जाने के मार्ग, वाहन पार्किंग, सुरक्षा घेरा और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों से सुरक्षा तैयारियों और पुलिस बल की तैनाती के संबंध में जानकारी ली।
इसके बाद मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा में तैनात वाराणसी कमिश्नरेट के साथ ही बाहर से आए पुलिस बल को उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों और जवानों को निर्धारित स्थानों पर मुस्तैद रहने तथा किसी भी स्थिति में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
—प्रवेश द्वारों पर सख्त चेकिंग, छतों से होगी निगरानी
अपर पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी और जवान निर्धारित वर्दी में ही ड्यूटी स्थल पर पहुंचेंगे। बिना अनुमति ड्यूटी स्थल छोड़ने पर रोक रहेगी। जनसभा स्थल के मुख्य प्रवेश और निकास द्वार पर सुरक्षा घेरा बनाकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
कार्यक्रम में आने वाले लोगों और सामान की जांच मेटल डिटेक्टर तथा अन्य जांच उपकरणों से की जाएगी। सभा स्थल की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार की जाएगी। आसपास की इमारतों और छतों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। किसी संदिग्ध वाहन या वस्तु के मिलने पर तत्काल बम निरोधक दस्ते को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। विशिष्ट अतिथियों के आवागमन वाले मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित रखने के साथ ही यातायात डायवर्जन की व्यवस्था समय से लागू करने और निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है।
पुलिसकर्मियों को किसी भी अफवाह, भीड़, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने तथा ड्यूटी के दौरान वायरलेस सेट लगातार चालू रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त गोमती नीतू कादयान, पुलिस उपायुक्त वरुणा राजेश कुमार पांडेय, पुलिस उपायुक्त यातायात, सुरक्षा एवं खुफिया अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त काशी वैभव बंगर, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा निपुण अग्रवाल और अपर पुलिस उपायुक्त गोमती नृपेंद्र समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

