प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे, रूट डायवर्जन होगा लागू

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे, रूट डायवर्जन होगा लागू


-वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा,यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की

वाराणसी, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार शाम वाराणसी आएंगे। मुख्यमंत्री के शहर में आगमन को देख कमिश्नरेट वाराणसी की यातायात पुलिस ने सोमवार को विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के अनुसा शहर में सुगम यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किए जाएंगे।

पांच मई (मंगलवार) के लिए ट्रैफिक व्यवस्था

एडवाइजरी के अनुसार, वीवीआईपी मूवमेंट से लगभग तीन घंटे पूर्व जगतगंज स्थित सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के उत्तरी द्वार के सामने तिराहे से टेम्पो ट्रैवलर, बस और क्रूजर जैसे भारी वाहन लहुराबीर–मैदागिन की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें चौकाघाट लकड़ीमंडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह, विशेश्वरगंज तिराहे से एक घंटे पूर्व चार पहिया वाहनों का मैदागिन की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें गोलगड्डा तिराहे की ओर मोड़ा जाएगा।

मरीमाई तिराहे से तेलियाबाग की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा, जिन्हें अंधरापुल और मलदहिया मार्ग से भेजा जाएगा। मलदहिया से लहुराबीर/जयसिंह चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को मरीमाई, तेलियाबाग, साजन सिनेमा और इंग्लिशिया लाइन की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा, पिशाचमोचन और चेतगंज से लहुराबीर की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा, जबकि गोदौलिया से मैदागिन मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा।

छह मई (बुधवार) के लिए डायवर्जन

जेपी मेहता से भोजूबीर जाने वाले वाहन सेंट्रल जेल तिराहे की ओर मोड़े जाएंगे। गिलट बाजार से भोजूबीर सब्जी मंडी की ओर आवागमन बंद रहेगा और वाहन शिवपुर चुंगी की ओर भेजे जाएंगे। सिंधौरा अंडरपास और टीएफसी से भोजूबीर की ओर जाने वाले वाहनों को हरहुआ रिंग रोड और आजमगढ़ अंडरपास से डायवर्ट किया जाएगा। महावीर मंदिर चौराहे से सब्जी मंडी जाने वाले वाहनों को अर्दली बाजार और पांडेयपुर की ओर मोड़ा जाएगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और आवश्यक होने पर ही प्रभावित मार्गों पर यात्रा करें। साथ ही, अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है ताकि असुविधा से बचा जा सके।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच मई की शाम वाराणसी पहुंचकर एक मांगलिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक के पश्चात वे बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद छह मई को बड़ालालपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के उपरांत वे सड़क मार्ग से बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story