मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी आएंगे, सुरक्षा के अभेद इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी आएंगे, सुरक्षा के अभेद इंतजाम


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी आएंगे, सुरक्षा के अभेद इंतजाम


—संत रविदास मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में होंगे शामिल, 27 राज्यों के प्रतिनिधि भी रहेंगे मौजूद

वाराणसी, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी दौरे पर आएंगे। वह संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत देश के 27 राज्यों से आए प्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए मंगलवार शाम पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने पुलिस बल की ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

—बिना जांच किसी को नहीं मिलेगा प्रवेश

पुलिस आयुक्त ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। बिना चेकिंग और फ्रिस्किंग के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए अलग इनक्लोजर बनाया गया है। सभी प्रवेश द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) और बैगेज स्कैनर लगाए गए हैं। प्रत्येक आगंतुक की अनिवार्य जांच के बाद ही सभा स्थल में प्रवेश दिया जाएगा।

—ड्रोन और सीसीटीवी से होगी चौबीसों घंटे निगरानी

सभा स्थल और आसपास के पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार की जाएगी। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता और मानसिक रूप से ड्यूटी के लिए तैयार रहने को कहा।

—सोशल मीडिया पर भी रहेगी पैनी नजर

सुरक्षा व्यवस्था के तहत सोशल मीडिया की निगरानी के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल के आसपास स्थित होटल, लॉज, ढाबों और अन्य ठहरने वाले स्थानों की सघन जांच अभियान मंगलवार शाम से ही शुरू कर दिया गया। वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया है। वहीं, वीआईपी रूट पर पड़ने वाली गलियों और कट प्वाइंट्स पर भीड़ नियंत्रण के लिए रस्सों और अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण और ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story