मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कालभैरव व बाबा विश्वनाथ की चौखट पर टेका मत्था
वाराणसी,04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के अन्तिम दिन शनिवार को काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में हाजिरी लगाई। दोनों मंदिरों में विधि विधान से दर्शन पूजन कर मुख्यमंत्री ने देश-प्रदेश में लोक कल्याण और सुख शान्ति की कामना की।
मुख्यमंत्री के दौरे की शुरुआत बाबा काल भैरव के दर्शन से हुई। मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने पूरी श्रद्धा के साथ काल भैरव के विग्रह की प्रदक्षिणा और आरती मंत्रोंच्चार के बीच की। मंदिर में दर्शन पूजन के बाद मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों को देख मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीयता से बातचीत कर उन्हें दुलार भी किया।
इसके बाद वे श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री को देखकर श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के उद्घोष से उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन करते रहे। इसके बाद उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में बाबा के पावन ज्योर्तिलिंग का जलाभिषेक कर षोडशोपचार विधि से पूजन अर्चन किया। इस दौरान मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गुंजायमान रहा।
मंदिर में दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री 'स्कूल चलो अभियान' की शुरुआत करेंगे। इसका जीवंत प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पांच निपुण बच्चे, पांच निपुण विद्यालय व पांच नव प्रवेशी बच्चों को सम्मानित करेंगे। यहां वे बच्चों की ओर से आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे इसके बाद बच्चाें से संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक प्रबंध किया गया है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

