वाराणसी: नमामि गंगे अभियान से जुड़ी युवा पीढ़ी , गंगा घाटों की स्वच्छता में बढ़ाया हाथ
वाराणसी, 23 नवम्बर (हि.स.)। गंगा संरक्षण और स्वच्छता के प्रति नई पीढ़ी की बढ़ती जागरूकता सोमवार को वाराणसी के मोक्षतीर्थ मणिकर्णिका घाट पर देखने को मिली। नमामि गंगे योजना के तहत आयोजित स्वच्छता अभियान में जेनरेशन जी (जेन जी) के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। युवाओं ने न केवल अभियान की सराहना की, बल्कि घाटों की स्वच्छता में श्रमदान कर गंगा संरक्षण का संकल्प भी दोहराया।
अभियान के दौरान युवाओं ने हाथों में स्वच्छता संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को गंगा घाटों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। उन्होंने घाटों की सफाई के साथ ही डिजिटल माध्यमों से भी स्वच्छता और नदी संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव, युवाओं का उत्साह और बच्चों की भागीदारी एक ही संदेश दे रहे हैं कि गंगा हमारी सांस्कृतिक विरासत है और इसकी स्वच्छता एवं संरक्षण प्रत्येक पीढ़ी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के विभिन्न अभियानों के माध्यम से स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और युवाओं को घाटों की सफाई, वृक्षारोपण तथा जागरूकता रैलियों से जोड़ा जा रहा है। जेन जी के युवा अब केवल नमामि गंगे अभियान की सराहना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वच्छता गतिविधियों और डिजिटल जागरूकता के जरिए इसमें सक्रिय भूमिका भी निभा रहे हैं। इससे नई पीढ़ी में नदियों और जलीय पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ रही है।
अभियान से जुड़े लोगों के अनुसार, घाटों का सौंदर्यीकरण, सीवेज प्रबंधन, प्रमुख शहरों में नालों की टैपिंग और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की क्षमता में वृद्धि जैसे प्रयासों से गंगा घाटों की स्वच्छता में सुधार हुआ है। साथ ही नदी की जैव विविधता में भी सकारात्मक बदलाव के संकेत मिले हैं। भारतीय वन्यजीव संस्थान के अध्ययन के मुताबिक, गंगा में डॉल्फिन की आबादी वर्ष 2018 में 3,330 थी, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 4,501 हो गई है। इसे जलीय पारिस्थितिकी तंत्र में सुधार के महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र ने नमामि गंगे कार्यक्रम को पारिस्थितिकी तंत्र बहाली की दुनिया की शीर्ष 10 पहलों में शामिल किया है। इससे इस अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। अभियान में शामिल युवाओं और नागरिकों ने कहा कि गंगा को स्वच्छ रखने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी बेहद जरूरी है। केवल योजनाओं और संसाधनों से स्थायी स्वच्छता संभव नहीं है, बल्कि लोगों की आदतों में बदलाव, नियमित साफ-सफाई और उपलब्ध व्यवस्थाओं का उचित रखरखाव भी आवश्यक है। कार्यक्रम में जेन जी की स्वाति सिंह, शिवानी, कश्यप, शोभा नारायण और रूपाली मिश्रा ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।--------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

