चैत्र नवरात्र के अन्तिम दिन श्री काशी विश्वनाथ धाम में हवन, कलश पूजन एवं कन्या पूजन संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
चैत्र नवरात्र के अन्तिम दिन श्री काशी विश्वनाथ धाम में हवन, कलश पूजन एवं कन्या पूजन संपन्न


वाराणसी, 27 मार्च (हि.स.)। वासंतिक चैत्र नवरात्र के अन्तिम दिन शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में देवी स्वरूप स्थापित कलश का विधिवत पूजन किया गया। शास्त्रोक्त विधि-विधान के अनुसार मंदिर के शास्त्रियों ने मंदिर चौक में हवन कुंड का निर्माण कर विधिवत हवन पूजन कराया। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान धाम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी हवन में भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की। पूरे अनुष्ठान के समय “जय माता दी” के उद्घोष से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय एवं दिव्य बना रहा। मंदिर न्यास ने सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए इस पावन आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न किया।

हवन पूजन के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अफसरों ने कन्या पूजन किया। मंदिर न्यास ने इसके पहले कन्याओं का आदरपूर्वक स्वागत किया। उन्हें चुनरी ओढ़ाकर दक्षिणा प्रदान किया गया। उनके चरण को धोकर विधिवत स्थान ग्रहण कराया गया। इसके पश्चात कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। इस दौरान संपूर्ण धाम में भक्तिभाव का वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने इस पावन अनुष्ठान में सहभागिता कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

—मंदिर में रामनवमी का उत्साह

श्री काशी विश्वनाथ धाम में रामनवमी का उत्साह श्रद्धालुओं में भी दिखा। धाम में शिवार्चनम मंच पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से अयोध्या से श्री राम लला का सूर्य तिलक का सीधा प्रसारण किया गया। इस प्रसारण को देखने के लिए धाम में उपस्थित श्रद्धालुओं में अत्यंत उत्साह देखा गया।

सीधे प्रसारण के दौरान श्रद्धालुओं ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में ही रहकर प्रभु श्री राम लला के अद्भुत दर्शन प्राप्त किए। पूरा परिसर भक्तिभाव और उल्लास से परिपूर्ण रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story