अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर वाराणसी में वृहद स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान

WhatsApp Channel Join Now

-सिगरा स्टेडियम में रविवार को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की निःशुल्क जांच

वाराणसी, 07 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” अभियान से प्रेरित होकर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक महत्त्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम उठाया गया है। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत 14 जनवरी से आईटीवी फाउन्डेशन ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत वाराणसी संसदीय क्षेत्र में थर्मल कैमरे एवं थर्मलिटिक्स सॉफ्टवेयर की सहायता से महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग का अभियान चलाया है।

अभियान पूर्णतः नो सी, नो टच माध्यम से चल रहा है एवं प्रतिदिन लगभग 800 से 900 महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा रही है। इस अभियान में अब तक 36 हजार महिलाओं की स्क्रीनिंग कराई जा चुकी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से वृहद स्तन कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रविवार को प्रातः सात बजे से शाम सात बजे तक सिगरा स्टेडियम, वाराणसी में आयोजित होगा। इसमें 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं की निःशुल्क स्तन कैंसर जांच की जाएगी। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग एवं आईटीवी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि महिलाओं में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा प्रारंभिक अवस्था में रोग की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकें। यह अभियान महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जनपद की महिलाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर निःशुल्क जांच सुविधा का लाभ उठाएं और अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें। नो सी, नो टच तकनीक से स्क्रीनिंग की जायेगी। स्तन कैंसर स्क्रीनिंग के लिए एआई-पावर्ड थर्मल इमेजिंग तकनीक (थर्मलाइटिक्स) का उपयोग किया जायेगा, जो नॉन-इनवेसिव, रेडिएशन-फ्री और बिना संपर्क की जांच पद्धति है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story