वाराणसी: बरेका में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सतर्कता बुलेटिन ‘प्रबोध’ का किया लोकार्पण
वाराणसी, 25 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सतर्कता बुलेटिन ‘प्रबोध’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने बताया कि सतर्कता बुलेटिन ‘प्रबोध’ का यह अंक केंद्रीय सतर्कता आयोग से निर्धारित विषय ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ पर केंद्रित है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए हम सभी को पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए। भ्रष्टाचार का उन्मूलन किसी एक व्यक्ति, संगठन अथवा समूह की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक दायित्व है। इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक कर्मचारी अपनी कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

