सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा : पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा : पंकज चौधरी


केन्द्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर टीएफसी में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन

वाराणसी, 17 जून (हि.स.)। केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। केन्द्र सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यो का विस्तार से उल्लेख कर पंकज चौधरी ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है और देश आज आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।

दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन बुधवार को पंकज चौधरी केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा की ओर से बड़ालालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटी सेंटर (टीएफसी) में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पंकज चौधरी ने सूचना विभाग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने गत 12 वर्षों में विकास, सुशासन, सांस्कृतिक गौरव, आधारभूत संरचना, गरीब, युवा, अन्नदाता व नारी कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां अर्जित की हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन परिल़िक्षत हो रहा है। पंकज चौधरी ने कहा कि यह प्रदर्शनी केंद्र व राज्य सरकार की विकास यात्रा और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी।

सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय वाराणसी के सहायक निदेशक सुरेंद्र नाथ पाल ने बताया कि पांच दिवसीय यह प्रदर्शनी 21 जून तक प्रतिदिन प्रातः 9.30 बजे से सायं 6 बजे तक आमजन के अवलोकन हेतु खुली रहेगी। प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों के अवसर पर 17 से 21 जून जनकल्याण शिविर, स्वास्थ्य शिविर, प्रबुद्धजन संवाद एवं जनपद स्तरीय स्वदेशी सरस मेला का भी आयोजन बड़ालालपुर स्थित टीएफसी में किया जा रहा है। आयोजित विकास प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना विकास, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण एवं गरीब उत्थान से जुड़े कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी का अवलोकन कर उपस्थित लोगों से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार की उपलब्धियों का फीडबैक भी लिया। इसके पहले कार्यक्रम स्थल पर पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल की अगुवाई में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिला अध्यक्ष राम सकल पटेल, सुरेश सिंह आदि ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story