पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में भाजपा के तीन राज्यों के शीर्ष नेता हुए शामिल
—प्रशिक्षण भाजपा की कार्यपद्धति का मूल आधार, मंडल से प्रदेश स्तर तक चलेंगी कार्यशालाएं: तरुण चुग
वाराणसी, 19 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व के निर्देश पर गुरूवार को पार्टी के तीन राज्यों के शीर्ष पदाधिकारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जुटे। सारनाथ स्थित केंद्रीय तिब्बती उच्च शिक्षण संस्थान में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार के उत्तर-पूर्व जोन की प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला में संगठनात्मक रणनीति भी बनी।
बैठक में तीनों राज्यों के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संगठन के प्रमुख नेताओं ने भाग लेकर बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में मंथन किया।
बैठक के उद्घाटन सत्र में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण भाजपा का मूल ध्येय है। प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है, जिससे कार्यकर्ताओं का बौद्धिक और वैचारिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है और इसके साथ जिम्मेदारियां और चुनौतियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह महाअभियान राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का महायज्ञ है और प्रशिक्षण वर्ग सादगीपूर्ण तथा सामाजिक सहयोग से संपन्न होना चाहिए। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से प्रशिक्षण महाअभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर और 15 अप्रैल से 20 मई तक जिला स्तर की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिसके बाद प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण होगा।
—चौदह विषयों पर मंथन
कार्यक्रम के तृतीय और चतुर्थ सत्र में सात टीमों के माध्यम से कुल 14 विषयों पर समूह चर्चा हुई। इनमें भाजपा का इतिहास एवं विकास, चुनाव प्रबंधन, वैचारिक अधिष्ठान, समन्वय की भूमिका, कार्यपद्धति, विचार परिवार, संगठन विस्तार, कार्यकर्ता विकास, बूथ प्रबंधन, कार्यालय संचालन, सरकार की उपलब्धियां, मोदी सरकार की योजनाएं, सोशल मीडिया एवं नमो ऐप, एआई आधारित सरल ऐप और राष्ट्र के समक्ष चुनौतियां प्रमुख रहीं।
—भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी दिया जोर
समापन सत्र में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विशेष जोर देती है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से बूथ स्तर से प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, सरकार की नीतियों और जनसेवा के मूल मंत्र से जोड़ा जाएगा। उद्घाटन सत्र का संचालन राज्यसभा सदस्य एवं प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य ने तथा समापन सत्र का संचालन उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के सह संयोजक राजू भंडारी ने किया। कार्यक्रम का समन्वय क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने किया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में राष्ट्रीय मंत्री एवं सह संयोजक ओम प्रकाश धनखड़, सह संयोजक वी. सतीश, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई और उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मंचासीन रहे।
शिविर में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी,प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री अनुप गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयम्बक त्रिपाठी, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय, मुख्तार अब्बास नकवी, साध्वी निरंजन ज्योति, प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, प्रदेश मंत्री मीना चौबे, विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, एमएलसी अश्विनी त्यागी, कौशलेंद्र पटेल, प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय, अशोक चौरसिया, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, अनिल श्रीवास्तव, जगदीश त्रिपाठी आदि ने भागीदारी की।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

