बिहार उपचुनाव के कारण भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का वाराणसी दौरा रद्द

WhatsApp Channel Join Now
बिहार उपचुनाव के कारण भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का वाराणसी दौरा रद्द


—'समरसता संकल्प अभियान' में भाजपा अध्यक्ष की जगह केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल हुए शामिल

वाराणसी, 29 जुलाई (हि.स.)। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्वावधान में बुधवार से आयोजित राष्ट्रव्यापी 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान' में पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन नहीं शामिल हो पाए। बिहार उपचुनाव में व्यस्तता के कारण भाजपा अध्यक्ष का वाराणसी दौरा निरस्त हो गया। पार्टी के काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने इसकी पुष्टि की। सम्मेलन में भाजपा अध्यक्ष की जगह केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल शामिल हुए। संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में आयोजित समरसता संकल्प अभियान की शुरूआत प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्सनाथ ने किया।

इस अभियान के तहत संत रविदास जी की पावन जन्मभूमि की मिट्टी 131 कलशों में भरकर उत्तर प्रदेश के 98 संगठनात्मक जिलों तथा देश के 27 राज्यों एवं छह जोनों के लिए रवाना की जाएगी। इन कलशों का पूजन कर संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस आयोजन के तहत विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला 20 फरवरी 2027 माघी पूर्णिमा संत रविदास जयंती तक चलेगी।

भाजपा अनुसूचित वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य के अनुसार अभियान के तहत कई चरणों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। 29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक 'श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान' राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर तक चलेगा। वहीं, 29 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक संत संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा' जालंधर से काशी तक निकाली जाएगी। यह यात्रा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। इसके अतिरिक्त 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक 'श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान' चलाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story