07 अक्टूबर को काशी में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की जनसभा, सीएम योगी भी होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
07 अक्टूबर को काशी में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की जनसभा, सीएम योगी भी होंगे शामिल


—जगतपुर में 50 हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य, योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता करेंगे संबोधित

वाराणसी, 30 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आगामी 07 अक्टूबर को वाराणसी में पार्टी की ओर से आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। रोहनिया के जगतपुर स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में प्रस्तावित जनसभा के लिए भाजपा ने 50 हजार लोगों की जुटान का लक्ष्य रखा है। नबीन के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी सभा को संबोधित करेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा को लेकर भाजपा की क्षेत्र, जिला और महानगर इकाइयों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सर्किट हाउस में बुधवार को पार्टी की हुई बैठक में राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल ने जनसभा की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से शुरू हुई सेवा संकल्प बाइक यात्रा का 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री की कर्मभूमि वाराणसी में समापन होगा। इसी अवसर पर जगतपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की विशाल जनसभा आयोजित की गई है।

बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने बताया कि वडनगर से निकले 500 बाइक यात्री 7 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगे। उनका भव्य स्वागत नमो घाट पर होगा।

——500 बाइक यात्री करेंगे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक

राज्य मंत्री जेपीएस राठौर के अनुसार सेवा संकल्प बाइक यात्रा के सभी 500 यात्री नमो घाट पर नमो बुक फेस्टिवल का अवलोकन करेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी 450 से अधिक पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी। इसके बाद सभी यात्री क्रूज से ललिता घाट पहुंचेंगे और अपने साथ लाए जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद वे जगतपुर में नितिन नबीन की जनसभा में शामिल होंगे।

—नितिन नबीन की सभा को लेकर संगठन ने बढ़ाई सक्रियता

भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कार्यकर्ताओं से जनसभा की तैयारियों में तत्काल जुटने को कहा। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए जिन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे उस पर अभी से काम शुरू करें। काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि जनसभा की तैयारियों को लेकर जिला और महानगर पदाधिकारियों की बैठकें 1 अक्टूबर को होंगी। मोर्चों, प्रकोष्ठों, विभागों और मंडलों की बैठकें 2, 3 और 4 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी।

बैठक का संचालन क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया और धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया। बैठक में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, आयुष मंत्री डा. दयाशंकर मिश्रा दयालु, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक अवधेश सिंह, एमएलसी धर्मेंद्र राय, मनीष कपूर, पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह ओढ़े, नवरतन राठी,अनूप जायसवाल, जगदीश त्रिपाठी, नवरतन राठी आदि की मौजूदगी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story