श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन आह्लादित

WhatsApp Channel Join Now
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन आह्लादित


बोले—रूद्राभिषेक के बाद दिव्य परिसर में भोलेनाथ से मंगल कामना की

वाराणसी,28 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में भाग लेने यहां आए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर के गर्भगृह में विधि विधान से अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधिवत दर्शन-पूजन किया। दर्शन पूजन के बाद उन्होंने धाम परिसर में रूद्राभिषेक भी किया। दरबार में पहली बार आए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने दर्शन पूजन के बाद सोशल मीडिया के अपने अधिकृत अकाउंट 'एक्स' पर अपनी खुशियां और तस्वीरें साझा की। उन्होंने लिखा कि काशी विश्वनाथ धाम के भव्य प्रांगण में देवाधिदेव महादेव का विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से जीवंत हुए इस दिव्य परिसर में भोलेनाथ से मंगल कामना की गई। महामृत्युंजय मंत्र का उल्लेख कर लिखा कि शाश्वत काशी में, बाबा श्री काशी विश्वनाथ जी के गर्भगृह में, मैंने विधिवत दर्शन और पूजा की और महादेव का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पहले बाबतपुर एयरपोर्ट पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत से गदगद भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं का आभार भी जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story