उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा अध्यक्ष की जनसभा की तैयारियां युद्धस्तर पर

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा अध्यक्ष की जनसभा की तैयारियां युद्धस्तर पर


——जगतपुर सभा के लिए गांव-गांव जनसंपर्क, सीटिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर मंथनगुजरात वडनगर से आने वाली सेवा संकल्प बाइक यात्रा के स्वागत की तैयारी तेज

वाराणसी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 07 अक्टूबर को रोहनिया क्षेत्र के जगतपुर इंटर कॉलेज में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान गुजरात वडनगर से उनकी कर्मभूमि वाराणसी पहुंच रही सेवा संकल्प बाइक यात्रा में शामिल पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।

कार्यकर्ताओं के स्वागत के लिए पार्टी के नेताओं ने युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। पार्टी के जिला, महानगर और मंडल स्तर की बैठकों का दौर लगभग पूरा हो चुका है। अब पार्टी ने सभा में भीड़ जुटाने के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास के गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। सोमवार शाम पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि जनसभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के लिए प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी आसपास के गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नितिन नबीन के स्वागत में क्षेत्र में छोटी-बड़ी सैकड़ों होर्डिंग लगाई जा रही हैं। इनमें स्वागत संदेश के साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया गया है।

काशी क्षेत्र अध्यक्ष के अनुसार, जगतपुर इंटर कॉलेज परिसर में हुई बैठक में सीटिंग, सुरक्षा और पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मंथन किया। सभा स्थल को अलग-अलग ब्लॉक में बांटकर बैठने की व्यवस्था की जा रही है। वडनगर से आने वाले बाइक सेवा यात्रियों के लिए भी विशेष स्थान निर्धारित किया।

बैठक में भाजपा क्षेत्र उपाध्यक्ष अमित राय, अजीत रावत, अनूप जायसवाल, अनिल गुप्ता, विनिता सिंह, संतोष सोलापुरकर, जेपी सिंह आदि ने भी भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story