कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार कुशलता के दम पर अपने वोटरों के दिलों में बनाना है जगह : जगदीश पटेल

WhatsApp Channel Join Now
कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार कुशलता के दम पर अपने वोटरों के दिलों में बनाना है जगह : जगदीश पटेल


—भाजपा काशी एवं गोरक्ष क्षेत्र का दो दिवसीय विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग

काशी क्षेत्र एवं गोरखपुर क्षेत्र के विस्तारकों, विधानसभा प्रभारियों एवं पालकों ने की भागीदारी

वाराणसी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश के काशी एवं गोरखपुर क्षेत्र के संयुक्त विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस के सत्र में बुधवार को कार्यकर्ताओं ने उत्साह से भागीदारी की। पार्टी के विस्तारकों, विधानसभा प्रभारियों एवं पालकों के कार्य, दायित्व एवं संगठनात्मक भूमिका पर विस्तृत चर्चा वर्ग में हुई। नरिया स्थित रामनाथ चौधरी शोध संस्थान में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की कार्यपद्धति, विधानसभा स्तर पर समन्वय और जमीनी स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विस्तारकों को संगठन की नीतियों, विचारधारा और कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने की मुख्य जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों की निरंतरता, कार्यकर्ताओं से संवाद, जनसंपर्क तथा संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना हमारी प्राथमिकता है।

जगदीश पटेल ने इस बात पर विशेष बल दिया कि विस्तारक केवल संगठन की योजनाओं को आगे बढ़ाने वाले कार्यकर्ता नहीं, बल्कि संगठन और समाज के बीच मजबूत संपर्क सूत्र हैं। उनकी सक्रियता, अनुशासन, समर्पण और कार्यकुशलता से संगठन की जमीनी मजबूती सुनिश्चित होती है।

उन्होंने कहा कि हमारे प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य हमारे विस्तारकों, प्रभारियों, पालकों को उनके दायित्वों के प्रति अधिक सजग, सक्रिय और जवाबदेह बनाना है। संगठनात्मक कार्यों को गति देना है। उन्होंने कहा कि हमें प्रत्येक बूथ की नई ग्रेडिंग करनी होगी, पिछली बार के चुनाव में हमें किस बूथ पर कितने वोट मिले। इस आधार पर हमें अपने सभी बूथों पर एबीसीडी ग्रेडिंग करनी होगी। जिन बूथों पर हम कमजोर हैं उन बूथों पर सबसे ज्यादा फोकस करना है। कहा कि हमारे प्रत्येक विधानसभा में मंडल,शक्तिकेंद्र,बूथ से लेकर पन्ना प्रमुख तक कार्यकर्ता हैं। हमें सिर्फ अपनी सक्रियता को और बढ़ा देना है। हम सभी अपने काम के बोझ को आपस में बाँट लें। हमारा काम आसान हो जाएगा। हम कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार कुशलता के दम पर अपने वोटरों के दिलों में जगह बनाना है। स्वागत भाषण देते हुए क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि हम कार्यकर्ताओं के सामने 2027 विधानसभा चुनाव के रुप में एक बड़ा मिशन है और हमारे पास समय कम है। संचालन क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल व धन्यवाद क्षेत्र अध्यक्ष गोरखपुर विनोद राय ने ज्ञापित किया। प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् एवं समापन राष्ट्रगान से हुआ।

इनकी रही उपस्थिति

वर्ग में क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी,अमित राय,क्षेत्र उपाध्यक्ष अनिता त्रिपाठी, क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल, क्षेत्रीय मंत्री जगदीश त्रिपाठी, डॉ उत्तम ओझा, प्रवीण सिंह गौतम, राम प्रकाश दुबे, शैलेंद्र मिश्रा,अनिल गुप्ता, सतीश पांडेय, विजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760990 Articles

Share this story