'हर घर तिरंगा' अभियान को धार देने के लिए भाजपा काशी क्षेत्र ने कसी कमर,16 संगठनात्मक जिलों में विशेष मॉनिटरिंग
वाराणसी,05 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जाने वाले 'हर घर तिरंगा' एवं 'तिरंगा यात्रा' अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी के काशी क्षेत्र ने कमर कस लिया है। अभियान के लिए क्षेत्रीय टोली की बैठक बुधवार को रोहनिया स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, एकता, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता 10 से 15 अगस्त तक व्यापक स्तर पर घर-घर तिरंगा पहुंचाने और प्रत्येक परिवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि जब किसी घर पर तिरंगा लहराता है तो वह केवल एक ध्वज नहीं होता, बल्कि उस परिवार की राष्ट्र के प्रति आस्था, सम्मान और समर्पण का प्रतीक बन जाता है।
बैठक में अभियान के प्रभावी संचालन के लिए क्षेत्र अध्यक्ष ने क्षेत्रीय स्तर पर जिम्मेदारियां भी तय की है। पार्टी के काशी क्षेत्र मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि तिरंगा यात्रा के लिए नागेश्वर देव पांडेय को क्षेत्र संयोजक बनाया गया है। वहीं, शैलेंद्र मौर्य, नम्रता चौरसिया, अजीत रावत और देवेंद्र मौर्य को क्षेत्र सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। क्षेत्रीय टोली काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करेगी, ताकि प्रत्येक जिले में कार्यक्रम निर्धारित योजना के अनुरूप सफलतापूर्वक संचालित हो सके। बैठक में कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन का उत्सव बनाने और अधिकतम नागरिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया गया। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 09 अगस्त को लखनऊ मुख्यालय से निकलने वाली तिरंगा यात्रा से होगी। अभियान के तहत 10 से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्राएं तथा 11 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाकर घरों, प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनजागरण किया जाएगा।-------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

