वाराणसी : वडनगर-काशी बाइक यात्रा का 07 अक्टूबर को समापन, जगतपुर में हाेगी नितिन नबीन की जनसभा

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : वडनगर-काशी बाइक यात्रा का 07 अक्टूबर को समापन, जगतपुर में हाेगी नितिन नबीन की जनसभा


—सेवा यात्रियों संग, 51 महिलाएं कलश में वडनगर की नदियों का जल लेकर आ रही, काशी विश्वनाथ का होगा जलाभिषेक

वाराणसी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से काशी पहुंच रही बाइक यात्रा का सात अक्टूबर को वाराणसी में समापन होगा। बाइक यात्रा के समापन कार्यक्रम में रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की विशाल जनसभा प्रस्तावित है।

भाजपा अध्यक्ष की जनसभा को लेकर शनिवार को सिगरा गुलाब बाग स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित व्यवस्था टोली की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। उन्होंने कहा कि वडनगर और काशी के बीच निकली यह बाइक यात्रा दो प्राचीन, जीवंत और ऐतिहासिक संस्कृतियों के मिलन का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर को दोपहर बाद यात्रा के काशी पहुंचने का क्रम शुरू हो जायेगा । इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की काशी में पहली जनसभा होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसभा को ऐतिहासिक बनाने और बाइक यात्रियों का काशी की गरिमा के अनुरूप स्वागत करने का आह्वान किया।

बैठक में काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि वडनगर से आने वाली सेवा संकल्प बाइक यात्रा के स्वागत के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्वागत प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। यहां जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के बीच पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत करेंगे। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह सभी बाइक यात्री सम्पूर्णानंद विश्वविद्यालय में एकत्र होंगे। यहां महिला मोर्चा की कार्यकर्ता तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत करेंगी। इसके बाद यात्री बस से मैदागिन चौराहे पहुंचेंगे और वहां से पद यात्रा कर काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेंगे। काशी विश्वनाथ धाम जाते समय 51 महिलाएं सिर पर कलश लेकर सेवा यात्रियों के आगे चलेंगी। इन कलशों में वडनगर की नदियों का एकत्रित जल रहेगा, जिससे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। जलाभिषेक के बाद यात्री मैदागिन से बस से रोहनिया स्थित गोकुलधाम पहुंचेंगे और वहां से जगतपुर इंटर कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की जनसभा में शामिल होंगे। बैठक में स्वागत व विषय प्रस्तावना महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने किया। संचालन महानगर महामंत्री अशोक जाटव ने किया। बैठक में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी व टी. राम, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी,अजीत रावत,अनूप जायसवाल,राकेश शर्मा आदि की मौजूदगी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story