लखनऊ अग्निकांड से भाजपा मर्माहत, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि सहित सभी संगठनात्मक कार्यक्रम स्थगित

WhatsApp Channel Join Now

काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने जताया शोक, कहा- हादसे ने पूरे समाज को झकझोर दिया

वाराणसी, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की लखनऊ में बीते सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की दर्दनाक मौत से धर्मनगरी काशी भी मर्माहत है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शोक व्यक्त करते हुए मंगलवार को प्रदेश भर में प्रस्तावित अपने सभी संगठनात्मक कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाले बूथ स्तरीय कार्यक्रमों सहित अन्य सभी संगठनात्मक गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि लखनऊ में हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरा भाजपा परिवार मर्माहत है। उन्होंने कहा कि इस अग्निकांड में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। पार्टी नेतृत्व ने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए आज के सभी संगठनात्मक कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया है।

दिलीप पटेल ने लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुई दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। जिन परिवारों ने अपने बच्चों और परिजनों को खोया है, उनके दुःख की भरपाई संभव नहीं है। भाजपा की संवेदनाएं पूरी तरह शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत छात्रों एवं अन्य मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित कर रही है तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। शोक संवेदना प्रकट करने वालों में पार्टी के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, राजेश राजभर, अनिल श्रीवास्तव, श्रीप्रकाश शुक्ला, संजय सोनकर, सुरेश सिंह, सुरेंद्र पटेल, प्रवीण सिंह गौतम सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story