देश में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर बने रहने पर माेदी के संसदीय क्षेत्र में हाेंगे विविध कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now

— वाराणसी में होंगे सेवा, स्वच्छता और दीपोत्सव कार्यक्रम

वाराणसी, 09 जून (हि.स.)। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में 10 जून 2026 एक महत्वपूर्ण दिन के रूप में दर्ज होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। इस अवसर को भारतीय जनता पार्टी ने जनता के अटूट विश्वास, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता की ऐतिहासिक स्वीकृति बताया है।

केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा प्रधानमंत्री मोदी के इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा वाराणसी जिले और महानगर क्षेत्र में सेवा, स्वच्छता, धार्मिक एवं जनजागरण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी शामिल होंगे। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने मंगलवार शाम को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल में विकास, गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचे के विस्तार, सामाजिक सुरक्षा, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल क्रांति तथा वैश्विक मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इसी जनविश्वास और सुशासन के परिणामस्वरूप प्रधानमंत्री मोदी देश के सबसे लंबे समय तक पदभार संभालने वाले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 10 जून को कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 6 बजे विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, प्रमुख मंदिरों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण से होगी। इसके बाद सुबह 8 बजे विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन तथा प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पूर्वाह्न 10 बजे से जनसेवा गतिविधियों का क्रम शुरू होगा। विभिन्न अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, अनाथालयों और सेवा संस्थानों में फल, दवाइयां, वस्त्र, साबुन तथा अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की जाएगी। इसके अतिरिक्त रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर और जनकल्याण से जुड़े अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा दिनभर सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। वहीं, शाम को गंगा घाटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दीपोत्सव एवं विशेष प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घ एवं सफल नेतृत्व की कामना की जाएगी। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी अपेक्षित है।

स्थानीय भाजपा नेताओं के अनुसार यह आयोजन केवल एक राजनीतिक उपलब्धि का उत्सव नहीं, बल्कि देश के विकास, सेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पित नेतृत्व के प्रति सम्मान एवं जनआस्था का प्रतीक होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story